loader
The Haryana Story | डिवाइडर से टकरा कर पलटी हरियाणा रोडवेज की बस, 50 से ज्यादा यात्री थे सवार, वीडियो कॉल पर था ड्राइवर

डिवाइडर से टकरा कर पलटी हरियाणा रोडवेज की बस, 50 से ज्यादा यात्री थे सवार, वीडियो कॉल पर था ड्राइवर

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग तथा पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को नरवाना तथा जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया

उचाना के बड़ौदा गांव के पास शनिवार को टोहाना से जयपुर रूट पर चलने वाली किलोमीटर स्कीम की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में 50 से ज्यादा सवारियां मौजूद थी। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग तथा पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को नरवाना तथा जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रोडवेज की किलोमीटर स्कीम बस उचाना से जींद के लिए जा रही थी। बड़ौदा गांव के पास पहुंचते ही बस डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर पर टकराने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और साइड में खड़ी लोडिंग गाड़ी में जा टकराई। जिससे लोडिंग गाड़ी के प्रखच्चे उड़ गए और गाड़ी कई हिस्सों में बिखर गई।

बस की स्पीड बहुत ज्यादा थी और ड्राइवर का ध्यान फोन पर चल रही वीडियो कॉल पर था

हादसा इतना भयंकर था कि बस सड़क से उतर कर करीब 20 मीटर अंदर तक चली गई। हादसे में बस चालक गांव थुआ निवासी संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। वहीं बस में मौजूद अन्य सवारियों को उपचार के लिए जींद, नरवाना व उचाना अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।

बस में मौजूद महिला सवारी प्रवीण डूमरखां ने बताया कि बस की स्पीड बहुत ज्यादा थी और ड्राइवर का ध्यान फोन पर चल रही वीडियो कॉल पर था। महिला ने बताया कि लोडिंग गाड़ी वाला साइड में गाड़ी खड़ी कर शौच के लिए गया हुआ था। बस स्पीड में थी और बस वाले वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। अचानक से ध्यान और संतुलन बिगडऩे के कारण बस पहले डिवाइडर से टकराई। जिसके बाद उसका संतुलन ओर बिगड़ गया और रो के साइड में खड़े लोडिंग गाड़ी में बस जा टकराई। बस में बहुत ज्यादा सवारियां थी। बहुत सी सवारी बस में खड़ी हुई थी।

पहले 112 पर फोन किया

लोडिंग गाड़ी चालक उचाना निवासी पंकज ने बताया कि वह अपनी गाड़ी का काम करवाने के लिए जींद जा रहा था। रास्ते में शौच के लिए रुका था। अचानक से पीछे से आई तेज स्पीड बस ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। वह गाड़ी से नीचे था, इसलिए बच गया। कई सवारियों को बहुत ज्यादा चोट आई हैं और कई सवारी की हल्की चोटें हैं। बस में 50 से ज्यादा सवारियां बस में मौजूद थी। बस गाड़ी में टकराते ही उन्होंने देखा तो पहले 112 पर फोन किया इसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई। 

10 मिनट के अंदर ही स्थिति को संभाल लिया गया

ट्रैफिक थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि जैसे ही पुलिस को हादसे की जानकारी हुई तो 10 मिनट के अंदर ही स्थिति को संभाल लिया गया। 10 से 15 मिनट के अंदर ही सभी घायलों को उपचार के लिए उचाना व जींद के अस्पताल में पहुंचाया गया है। बस ओवरस्पीड में चल रही थी। डिवाइडर में टकराने के कारण बस नही अपनी लाइन बदली और साइड में खड़े लोडिंग गाड़ी में जा टकराई। ड्राइवर समेत पांच से छह लोगों को ज्यादा गंभीर चोटें लगी हैं। नागरिक अस्पताल उचाना के चिकित्सा अधिकारी सुशील गर्ग ने बताया कि हादसे की जैसे ही सूचना मिली तो मरीजों का तुरंत उपचार शुरू किया गया। 24 मरीज उचाना के अस्पताल में पहुंचे हैं, जिनमें से छह की हालत गंभीर थी। जिन्हें यहां से रेफर किया गया। 18 मरीज को हल्की चोटें हैं। जिनको यहां प्राथमिक उपचार दिया गया है। बस ड्राइवर को को फ्रैक्चर था। जिसे जींद अस्पताल ले जाया गया है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×