loader
The Haryana Story | अभय सिंह चौटाला का बड़ा ऐलान : हरियाणा की हर मंडी में बनेगा “किसान कष्ट निवारण केंद्र”

अभय सिंह चौटाला का बड़ा ऐलान : हरियाणा की हर मंडी में बनेगा “किसान कष्ट निवारण केंद्र”

किसान-कमेरे के हकों की लड़ाई को लेकर सड़कों से मंडियों तक उतरेगी इनेलो

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने आज पानीपत में गंगा एग्रो इंडस्ट्रीज के भव्य उद्घाटन अवसर पर किसानों और कमेरे वर्ग के हितों को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए घोषणा की कि हरियाणा की प्रत्येक अनाज मंडी में “किसान कष्ट निवारण केंद्र” स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसानों को फसल खरीद, भुगतान, तौल, उठान और प्रशासनिक लापरवाही जैसी समस्याओं से राहत दिलाई जा सके।

इनेलो अब किसान हितों की लड़ाई को केवल बयानों तक सीमित नहीं रखेगी

इस अवसर पर चौधरी अभय सिंह चौटाला ने गंगा एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन चौधरी प्रेम सिंह भालसी, डायरेक्टर डॉ. नवीन नैन भालसी एवं परिवारजनों के साथ रिबन काटकर उद्योग का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन उपरांत आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों और संगठनात्मक जिम्मेदार साथियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इनेलो अब किसान हितों की लड़ाई को केवल बयानों तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि प्रदेश की हर मंडी तक पहुंचकर जमीनी स्तर पर संघर्ष करेगी।

इनेलो किसान और कमेरे वर्ग की सच्ची आवाज

चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो किसान और कमेरे वर्ग की सच्ची आवाज है। यदि मंडियों में किसानों के साथ अन्याय हुआ, उनकी फसल की खरीद में देरी हुई, उचित मूल्य नहीं मिला या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आई, तो इनेलो चुप बैठने वाली नहीं है। पार्टी सड़कों से लेकर मंडियों और सदन तक किसानों के हकों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। आज प्रदेश का किसान अनेक समस्याओं से घिरा हुआ है, लेकिन सरकार और प्रशासन उसकी आवाज सुनने को तैयार नहीं। ऐसे समय में इनेलो संगठन किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को केवल सुनेगी ही नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए संघर्ष, दबाव और जनआंदोलन का रास्ता भी अपनाएगी।

समाधान के लिए संगठित स्तर पर कार्रवाई की जाएगी

चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि “किसान कष्ट निवारण केंद्र” इनेलो के इस संकल्प का प्रतीक होंगे, जहां किसानों की समस्याओं को गंभीरता से दर्ज किया जाएगा और उनके समाधान के लिए संगठित स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कहा कि वे इस जिम्मेदारी को राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसान सेवा के मिशन के रूप में निभाएं। इस दौरान चौधरी रामपाल माजरा जी ने बताया कि फसल खरीद सीजन के दौरान किसी भी किसान को मंडी में अपमान, देरी, भ्रष्टाचार या शोषण का सामना नहीं करने दिया जाएगा। इनेलो कार्यकर्ता किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।   

इस दौरान चौधरी अभय सिंह चौटाला जी ने निर्देश दिए कि पार्टी पदाधिकारी

  • हर अनाज मंडी में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें
  • किसानों से सीधे संवाद स्थापित करें
  • फसल खरीद में हो रही गड़बड़ियों, देरी, शोषण और अव्यवस्थाओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें
  • और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करते हुए किसानों को न्याय दिलाने का काम करें।

ये रहे कार्यक्रम की मुख्य बिंदु

  • पानीपत में गंगा एग्रो इंडस्ट्रीज का भव्य उद्घाटन
  • हरियाणा की हर मंडी में “किसान कष्ट निवारण केंद्र” बनाने का निर्णय
  • इनेलो द्वारा प्रदेशव्यापी मंडी समीक्षा एवं किसान संवाद अभियान की घोषणा
  • सभी जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को मंडियों में जाकर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
  • किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षात्मक रणनीति अपनाने का ऐलान
Join The Conversation Opens in a new tab
×