भारत विकास परिषद की कर्ण शाखा द्वारा डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम में नारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 20 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके सम्मान व सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं।
सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए संगठन से अपेक्षा जताई कि वह अन्य जिलों में भी महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य करे। स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि भारत विकास परिषद समाज को कुछ लौटाने की भावना को प्रेरित करता है। वहीं मेयर रेणु बाला गुप्ता ने भी संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए सम्मानित महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।
सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे
समारोह के दौरान अदिति शर्मा, नीलू सैनी, रिचा चावला, डॉ. सुजाता शर्मा, एष्णा कल्याण, अंजू चौधरी, ऋषिका कुकरेजा अरोड़ा, नीलम मदान, विभा चुघ, नेहा खंडूजा, रोनी रमन, तूलिका गर्ग, डॉ. आशिमा गक्खड़, संजोली बनर्जी, दीक्षा गोयल, डॉ. कीर्ति गुप्ता, शशि आर्या, डॉ. एकता अरोड़ा, अनीता सिंह और कविता को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल की धर्मपत्नी मित्रा घोष सहित विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।