loader
The Haryana Story | भारतीय जनता पार्टी देश की ही नहीं, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी : मुख्यमंत्री

भारतीय जनता पार्टी देश की ही नहीं, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी : मुख्यमंत्री

प्रदेश सरकार हर नागरिक के हित में कार्य कर रही है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

भारतीय जनता पार्टी देश की ही नहीं, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। देश में अनेक राजनीतिक पार्टियां हैं, परंतु यदि लोकतांत्रिक तरीके से चलने वाली कोई पार्टी है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कहा कि हम लोकतांत्रिक मूल्यों में अटूट विश्वास रखने वाले हैं, प्रदेश सरकार हर नागरिक के जनहित में कार्य कर रही है। यह बातें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सेक्टर 15, पंचकूला स्थित जैन भवन में प्रबुद्ध नागरिकों को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान सरकार जातिगत राजनीति से ऊपर उठकर गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों की भलाई के लिए कार्य कर रही है। इनके कल्याण से ही देश एक विकसित राष्ट्र बनेगा। इस अवसर पर हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी उपस्थित थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कल्याणी माता मंदिर सेक्टर 15, पंचकूला में माथा टेक आशीर्वाद लिया और मंदिर के मुख्य द्वार की साफ-सफाई कर धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

आज परिवार पहचान पत्र कार्यक्रम की हर तरफ प्रशंसा हो रही है

मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार प्रयोगधर्मी सरकार है और लोगों की भलाई और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए अनेक नए प्रयोग किए गए है। आरंभ में व्यवस्थाओं में परिवर्तन करते समय कुछ चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है। परिवार पहचान पत्र कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरूआत में विपक्ष के विरोध का भी सामना करना पड़ा परंतु आज परिवार पहचान पत्र कार्यक्रम की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। हरियाणा संभवतः इस अनूठे कार्यक्रम को शुरू करने वाला देश का प्रथम राज्य है। आज परिवार पहचान पत्र कार्यक्रम से प्रभावित होकर अन्य प्रदेश भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। 

जनता ऐसी पार्टियों का राजनीतिक भविष्य खत्म करेगी

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दल कहते हैं कि यह सरकार पोर्टल की सरकार है। मनोहर लाल ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रदेश की जनता जिसे पोर्टल के माध्यम से घर बैठे विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है, वहीं जनता ऐसी पार्टियों का राजनीतिक भविष्य खत्म करेगी। लोगों से सीधा संवाद करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि आयुष्मान भारत, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित हुए हैं। इन योजनाओं का सबसे अधिक लाभ गरीब लोगों को हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीब की चिंता हम सबको करनी है, इसके लिए सरकार के साथ-साथ अन्य संस्थाओं को भी आगे आना होगा। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी मुलाकात की। 

भारत में रामराज की नींव रखी जा चुकी है

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण से पूरे देश में उत्साह का माहौल है। महात्मा गांधी ने कहा था कि देश में रामराज होना चाहिए। आज देश का बच्चा-बच्चा कह रहा है कि भारत में रामराज की नींव रखी जा चुकी है। इससे पूर्व पत्रकारों द्वारा देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मनोहर लाल ने कहा कि लाल कृष्ण आडवाणी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, जिन्होंने पार्टी खड़ा करने में अहम योगदान दिया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल, उपायुक्त सुशील सारवान, पुलिस उपायुक्त सुमेर प्रताप सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त हरीश वशिष्ठ तथा नगर निगम आयुक्त सचिन गुप्ता सहित अन्य प्रबुद्ध व्यक्ति उपस्थित रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×