loader
The Haryana Story | कफन में लिपटकर लौटा 'विदेशी सपना', आर्यन की दर्दनाक मौत से सिसक उठा पूरा गांव

कफन में लिपटकर लौटा 'विदेशी सपना', आर्यन की दर्दनाक मौत से सिसक उठा पूरा गांव

करनाल के घोघड़ीपुर में गमगीन माहौल: मजदूरी कर भेजा था विदेश, अब पिता के कंधों पर लाखों का कर्ज और जवान बेटे का शव

हरियाणा के करनाल जिले के घोघड़ीपुर गांव में गमगीन माहौल के बीच 20 वर्षीय आर्यन मान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को कर दिया गया। करीब 14 दिन बाद आर्यन का पार्थिव शरीर अमेरिका से उसके पैतृक गांव पहुंचा, जिसे देख परिजनों और पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। बता दें कि आर्यन की मौत 27 मार्च 2026 (शुक्रवार) को अमेरिका में एक भीषण सड़क हादसे में हुई थी। जानकारी के अनुसार, वह अपने एक दोस्त के साथ कार में सवार होकर लौट रहा था, तभी कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई, हादसा इतना जबरदस्त था कि कार दो हिस्सों में बंट गई और आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई।

करीब 40 लाख रुपये का कर्ज लिया था

आर्यन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता करनाल में दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। परिवार में आर्यन के अलावा उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के सपने के साथ आर्यन करीब डेढ़ साल पहले डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। उसे विदेश भेजने के लिए परिवार ने करीब 40 लाख रुपये का कर्ज लिया था और अपनी डेढ़ बीघा जमीन भी गिरवी रख दी थी। 

आर्यन का शव गांव पहुंचा, कोहराम मच गया

आर्यन का शव भारत लाने में करीब 18 से 20 लाख रुपये का खर्च आया। परिजनों ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद गांव के लोगों और अमेरिका में रह रहे प्रवासी भारतीयों ने चंदा (गो फंड मी) इकट्ठा कर शव को वापस लाने में आर्थिक मदद की। शुक्रवार सुबह जैसे ही आर्यन का शव गांव पहुंचा, कोहराम मच गया। नम आंखों से पिता ने अपने इकलौते बेटे को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में पूर्व विधायक नरेंद्र सांगवान सहित भारी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

Join The Conversation Opens in a new tab
×