loader
The Haryana Story | किसान विरोधी नीतियों पर भड़के राव नरेंद्र सिंह, सरकार को दी चेतावनी, बोले -किसानों पर थोपी जा रही नाजायज शर्तें बर्दाश्त नहीं

किसान विरोधी नीतियों पर भड़के राव नरेंद्र सिंह, सरकार को दी चेतावनी, बोले -किसानों पर थोपी जा रही नाजायज शर्तें बर्दाश्त नहीं

समालखा मंडी पहुंचे राव नरेंद्र सिंह, बोले- बायोमेट्रिक और ट्रॉली नंबर जैसी शर्तों ने बढ़ाई किसानों की मुसीबत, आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर किसान

किसान की मेहनत उसकी फसल के ऊपर निर्भर करती है, इसलिए सरकार के द्वारा किसानों पर गेहूं बेचने से संबंधित जो नाजायज शर्तें लगाई गई है, सरकार उनको तुरंत प्रभाव से वापस लेने का काम करें, क्योंकि सरकार द्वारा किसानों पर नाजायज रूप से शर्तें लगाने से प्रदेश के किसान अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है, और कहीं ना कहीं सरकार की नीतियों से परेशान होकर किसान आत्महत्या करने को भी मजबूर हो रहे हैं।

ऐसी शर्तें लगा दी गई, जिनको लेकर किसान परेशान

उक्त बातें कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने समालखा की अनाज मंडी का दौरा करने के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान बड़ी मेहनत से गेहूं और अन्य फसलों को उगाने का काम करता है, लेकिन जब किसान अपनी फसलों को बेचने के लिए मंडी में आता है तो उसको सरकार और अधिकारियों के द्वारा नाजायज रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर और ट्राली पर नंबर लिखे होने, बायोमेट्रिक लगाने के अलावा किसानों पर काफी ऐसी शर्तें लगा दी गई है जिनको लेकर किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार और अधिकारी जानबूझकर जनता को परेशान करने का काम कर रहे हैं।

नुकसान के मुआवजे की भरपाई करने का काम करे सरकार

उन्होंने यह भी कहा कि हम हरियाणा प्रदेश में काफी जगह पर मंडियों में डर कर चुके हैं, लेकिन जिस तरह से किसान परेशान हैं उसको लेकर कांग्रेस पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता किसानों की इस आवाज को उठाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि वह नाजायज शर्तों को तुरंत प्रभाव से वापस ले, ताकि किसान अपनी फसलों को बेचने का काम कर सके। हालांकि इस दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार से यह भी मांग की है कि जिन किसानों की फसल बारिश या ओलावृष्टि के कारण नष्ट हो गई है, सरकार तुरंत प्रभाव से ऐसे किसानों की फसलों की गिरदावरी करवाकर उनके नुकसान के मुआवजे की भरपाई करने का काम करें।

क्रॉस वोटिंग करने के मामले के सवाल पर राव नरेंद्र ने कहा....

इस मौके पर पत्रकारों के द्वारा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पांच विधायकों के द्वारा क्रॉस वोटिंग करने के मामले के सवाल पर राव नरेंद्र ने कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ हमने हरियाणा कांग्रेस पार्टी की ओर से अपना जवाब प्रदेश के प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद को भेज दिया है और हमने सिफारिश की है कि इन पांचो क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

व्यक्तिगत रूप से कोई भी इसी यात्रा में भाग लेना चाहे तो वह ले सकता है

प्रदेश में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के द्वारा सद्भावना यात्रा निकालने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सद्भावना यात्रा पार्टी की ओर से कोई ऑफिशियल यात्रा नहीं है, यह बृजेंद्र सिंह की व्यक्तिगत सद्भावना यात्रा है, लेकिन जहां पर राहुल गांधी का फोटो लगाकर उस यात्रा को आगे ले जाने का काम किया जा रहा है तो उसमें कांग्रेस के काफी नेता भी भाग ले रहे हैं। व्यक्तिगत रूप से कोई भी इसी यात्रा में भाग लेना चाहे तो वह ले सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब कांग्रेस पार्टी की ओर से ऑफिशियल यात्रा निकालने का कोई कार्य होगा तो उसमें प्रदेश के सभी छोटे और बड़े नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे।

किसानों और आढ़तियों की समस्याओं को सुना

इस दौरान उन्होंने समालखा की मंडी में किसानों और आढ़तियों की समस्याओं को भी सुना, जिसमें किसानों और आढ़तियों ने राव नरेंद्र सिंह को कहा कि समालखा की मंडी में हमारे को बारदाना नहीं मिल रहा और जितना गेहूं यहां पर खरीदा गया है उसकी लिफ्टिंग भी नहीं हो रही, इसलिए यहां पर किसान और आढ़ती अपनी गेहूं की फसल बेचने से संबंधित परेशान है। उन्होंने किसानों और आढ़तियों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी के छोटे और बड़े नेता और कार्यकर्ता सभी जनता की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं। इससे पहले अलग-अलग जगह पर कंवर सिंह छौक्कर, संजय छौक्कर और अन्य लोगों के द्वारा फूलमालाओं और फूलों की मालाएं पहनाकर राव नरेंद्र सिंह का जोरदार स्वागत किया गया।

Join The Conversation Opens in a new tab
×