loader
The Haryana Story | दोस्त की मदद करना पड़ा भारी, युवकों ने किडनैप कर खेत में पीटा; फिर इंस्टाग्राम पर रील डालकर लगाया 'बदमाश' बनने वाला गाना

दोस्त की मदद करना पड़ा भारी, युवकों ने किडनैप कर खेत में पीटा; फिर इंस्टाग्राम पर रील डालकर लगाया 'बदमाश' बनने वाला गाना

एक युवक को दोस्त की मदद करना इतना महंगा पड़ गया कि आरोपियों ने उसे अगवा कर पहले बुरी तरह पीटा

AI Generated Images

हरियाणा के नारनौल में एक युवक को दोस्त की मदद करना इतना महंगा पड़ गया कि आरोपियों ने उसे अगवा कर पहले बुरी तरह पीटा और फिर उसकी बेइज्जती करने के लिए मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपियों ने युवक के घर के बाहर हथियार लहराते हुए इंस्टाग्राम पर एक रील भी डाली, जिसमें बैकग्राउंड में 'बदमाश' बनने वाला गाना चल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित युवक विशाल सोनी ने बताया कि उसके भाई देव के एक दोस्त का तीन-चार महीने पहले गांधी कॉलोनी निवासी शुभम और गोलू से झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान देव ने बीच-बचाव कर अपने दोस्त को उनसे छुड़ा लिया था। इसी बात को लेकर गोलू और शुभम रंजिश रखने लगे और देव सोनी को पीटने की फिराक में रहने लगे। इसी कारण वे पहले भी मोहल्ले में उनके पुराने घर के आसपास चक्कर काट चुके थे। विशाल ने बताया कि रविवार शाम उसका भाई राधा कृष्ण पार्क के पास अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान चार-पांच युवक, जिनमें शुभम और गोलू भी शामिल थे, बाइक और स्कूटी पर वहां पहुंचे और उसके भाई देव का अपहरण कर उसे जबरन अपने साथ ले गए। 

किडनैपिंग और बर्बरता

विशाल ने आगे बताया कि देव के दोस्तों ने इस घटना की जानकारी विशाल को दीआरोपियों ने उसके भाई को अगवा किया और सुनसान खेतों में ले गए। वहां कई युवकों ने मिलकर उसे डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। मारपीट के दौरान आरोपी उसका वीडियो भी बनाते रहे। घायल हालत में विशाल को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में नारनौल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

सोशल मीडिया पर 'गुंडागर्दी' का प्रदर्शन

हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने घटना का वीडियो और विशाल के घर के बाहर डंडे लहराते हुए एक रील इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दी। इस रील में उन्होंने गाना लगाया:“घणा था शरीफ मां का लाडला, देख ले आज यो अय्याश बन गया। मार गई गरीबी, दूजे मार गए करीबी, होकर तंग आज बदमाश बन गया।”इस वीडियो के जरिए आरोपियों ने इलाके में अपना खौफ पैदा करने और पीड़ित परिवार को डराने की कोशिश की है।

परिवार की हालत

विशाल ने बताया कि उसके पिता जुगनू की कुछ साल पहले कैंसर से मौत हो चुकी है। घर की पूरी जिम्मेदारी विशाल और उसके भाई देव पर है। दोनों अलग-अलग दुकानों पर मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का गुजारा चला रहे हैं। पिता के साये के बिना मेहनत कर रहे इस परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।

पुलिस कार्रवाई

फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दी गई है। पुलिस इंस्टाग्राम रील और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि आरोपी खुलेआम सोशल मीडिया पर कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

Join The Conversation Opens in a new tab
×