पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद देश की सियासत में उबाल आ गया है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने ममता बनर्जी के इस्तीफे न देने और राहुल गांधी के 'चुनाव चोरी' वाले बयानों पर बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। विज ने ममता बनर्जी को 'रफड़ेबाज' करार देते हुए संवैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है, तो वहीं राहुल गांधी की हारों पर तंज कसते हुए उनके 'हार के शतक' का इंतज़ार करने की बात कही है।
ममता बनर्जी पर संवैधानिक हंटर की चेतावनी
पश्चिम बंगाल में हार के बावजूद ममता बनर्जी के पद पर बने रहने की ज़िद पर अनिल विज ने उन्हें 'रफड़ेबाज महिला' बताया। विज ने कहा कि यदि कोई मुख्यमंत्री हार के बाद भी संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन करता है और कुर्सी छोड़ने से इनकार करता है, तो संविधान में ऐसे लोगों को 'उठाकर बाहर फेंकने' के स्पष्ट प्रावधान और तरीके मौजूद हैं। उन्होंने इशारा किया कि लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि है और किसी की मनमानी नहीं चलेगी।
राहुल गांधी के 'चुनाव चोरी' के आरोप पर पलटवार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बीजेपी पर चुनाव आयोग की मदद से 'चुनाव चुराने' के आरोपों पर अनिल विज ने चुटकी ली। विज ने कहा, "राहुल गांधी 99 चुनाव हार चुके हैं और अब हम उनकी हार की सेंचुरी (शतक) पूरी होने का इंतज़ार कर रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा कि जब भी देश किसी बड़ी जीत या खुशी का उत्सव मनाता है, राहुल गांधी रोने बैठ जाते हैं। उन्होंने बंगाल की जीत को 'गुंडागर्दी का अंत' और 'भगवा की जीत' करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी को देश की खुशी रास नहीं आती।
15 साल बाद खुला दुर्गा मंदिर: "बहुसंख्यक समाज ने ली खुली सांस"
पश्चिम बंगाल में 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक दुर्गा मंदिर के फिर से खुलने पर विज ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बंगाल में अब तक बहुसंख्यक समाज को दबाया जा रहा था। विज के मुताबिक, "आज न केवल उस समाज ने बल्कि उस मंदिर ने भी खुली सांस ली है।" उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के आने से बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति का अंत हुआ है।
पंजाब में भी खिलेगा कमल
अपने आक्रामक तेवरों को जारी रखते हुए अनिल विज ने पड़ोसी राज्य पंजाब को लेकर भी बड़ी भविष्यवाणी की। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की तर्ज पर अब पंजाब में भी भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। अनिल विज ने कहा कि 22 प्रदेशों में आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, पंजाब भी इससे अलग नहीं रह सकता और पंजाब में भी भाजपा की सरकार आएगी। पंजाब की आज जो दुर्दशा है जो पंजाब सारे देश में अव्वल माना जाता था, मगर इन सरकारों ने पंजाब को लूट कर कंगाल कर दिया। अब भाजपा पंजाब में भगवा लहराएगी और पंजाब की कंगाली को दूर करेगी।विज के इन बयानों ने उत्तर भारत की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?