loader
The Haryana Story | 'ऑपरेशन सिंदूर' की गौरव गाथा लेकर 14,000 किलोमीटर चले दीपक शर्मा, बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

'ऑपरेशन सिंदूर' की गौरव गाथा लेकर 14,000 किलोमीटर चले दीपक शर्मा, बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

हरियाणा के लाल दीपक शर्मा ने रचा 21 राज्यों में कीर्तिमान

ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के साधारण कार्यकर्ता दीपक शर्मा द्वारा निकाली जा रही राष्ट्र जागरण साइकिल यात्रा ने 14,000 किलोमीटर का ऐतिहासिक पड़ाव पार कर लिया है। यह यात्रा राष्ट्रभक्ति, भारतीय सेना के सम्मान, सनातन संस्कृति और भारत की एकता को समर्पित है। दीपक शर्मा ने 25 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के बाद उसकी गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हरियाणा के पानीपत जिले के गांव सोंधापुर से अपनी राष्ट्र जागरण साइकिल यात्रा प्रारंभ की थी। आज यह यात्रा देशव्यापी जन आंदोलन और राष्ट्र चेतना का प्रतीक बन चुकी है।

दीपक शर्मा अब तक हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, नागालैंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित 21 राज्यों की यात्रा साइकिल के माध्यम से पूरी कर चुके हैं। वर्तमान में वह यात्रा के अंतिम पड़ाव चौथे धाम बद्रीनाथ की ओर अग्रसर हैं। यात्रा के दौरान दीपक शर्मा ने गांव-गांव, शहर-शहर, स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थानों में पहुंचकर ऑपरेशन सिंदूर की गौरव गाथा को विद्यार्थियों, युवाओं और आम जनमानस तक पहुंचाने का कार्य किया। इस यात्रा के दौरान दीपक शर्मा ने 100 से अधिक स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपने विचार व्यक्त किए तथा भारतीय सेना की गौरव गाथा को बड़े गर्व और भावनात्मक रूप से छात्रों एवं युवाओं तक पहुंचाया।

दीपक शर्मा ने अपनी यात्रा के दौरान पश्चिम में द्वारकाधीश, दक्षिण में रामेश्वरम और पूर्व में जगन्नाथ पुरी धाम की यात्रा पूर्ण की। वहीं उत्तर-पूर्व भारत के असम और नागालैंड सहित कई क्षेत्रों में पहुंचकर उन्होंने भारत की सभी दिशाओं में ऑपरेशन सिंदूर की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। अब चौथे धाम बद्रीनाथ की ओर बढ़ती यह यात्रा राष्ट्र एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बन चुकी है। यात्रा के दौरान दीपक शर्मा ने भारतीय सेना के जवानों एवं अधिकारियों के साथ भी संवाद किया। मद्रास रेजीमेंट, जाट रेजीमेंट और असम राइफल्स जैसे प्रतिष्ठित सैन्य संगठनों द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। यह सम्मान राष्ट्रसेवा और जनजागरण के प्रति उनकी निष्ठा का प्रतीक माना जा रहा है।

दीपक शर्मा ने कहा कि यह यात्रा केवल एक साइकिल यात्रा नहीं बल्कि भारत की आत्मा, संस्कृति, सेना के सम्मान और राष्ट्र चेतना को जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की भावना देश के हर युवा तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है ताकि आने वाली पीढ़ियां राष्ट्रहित और देशभक्ति को सर्वोपरि रखें। देशभर में चल रही इस यात्रा को विभिन्न सामाजिक संगठनों, संत समाज, युवाओं और राष्ट्रवादी नागरिकों का निरंतर समर्थन एवं आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×