loader
The Haryana Story | दिग्विजय चौटाला का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- डेमोक्रेसी को 'डेमोक्रेजी' बना रही है बीजेपी, हर चुनाव में दिखा रही दबंगता

दिग्विजय चौटाला का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- डेमोक्रेसी को 'डेमोक्रेजी' बना रही है बीजेपी, हर चुनाव में दिखा रही दबंगता

बोले - डरा-धमका कर चुनाव जीत रही है भाजपा, विपक्ष को एक होने की अपील

जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। रोहतक पहुंचे चौटाला ने बीजेपी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल देश के लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहा है। दिग्विजय चौटाला ने रोहतक में मीडिया से बातचीत में कहा कि भारतीय जनता पार्टी 'डेमोक्रेसी' (लोकतंत्र) को 'डेमोक्रेजी' बनाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी हर चुनाव में अपनी दबंगता दिखाती है। सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके और लोगों को डरा-धमका कर चुनाव जीतने का काम किया जा रहा है।

विपक्षी दलों से लामबंद होने की अपील

जेजेपी नेता ने हरियाणा और देश के तमाम विपक्षी राजनीतिक दलों से एकजुट होने की प्रार्थना की है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा, "अगर विपक्षी दल अपने आपसी वैचारिक मतभेद भुलाकर एक मंच पर नहीं आए, तो भाजपा अपनी नीतियों से इन सभी दलों को पूरी तरह ध्वस्त कर देगी।" उन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी ताकतों को बीजेपी के खिलाफ लामबंद होने की आवश्यकता जताई।

बीजेपी-आरएसएस की नीतियों से युवा बेरोजगार

हरियाणा के हालातों पर बोलते हुए दिग्विजय चौटाला ने सीधे तौर पर बीजेपी और आरएसएस (RSS) को घेरा। उन्होंने कहा कि इन दोनों संगठनों की गलत नीतियों के कारण आज हरियाणा का युवा दर-दर भटक रहा है। प्रदेश में बेरोजगारी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है।

17 मई से शुरू होगा 6 महीने का 'जन-जन अभियान'

पार्टी को मजबूत करने और जनता के बीच जाने के लिए दिग्विजय चौटाला ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 17 मई से जेजेपी की युवा इकाई इस विशेष अभियान को शुरू करेगी। यह जन-जन अभियान आगामी 6 महीनों तक लगातार चलेगा। जेजेपी युवा विंग के कार्यकर्ता हरियाणा के गांव-गांव और घर-घर जाएंगे। इस अभियान के जरिए ग्रामीण स्तर पर लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराकर जेजेपी से जोड़ने का काम किया जाएगा।

Join The Conversation Opens in a new tab
×