loader
The Haryana Story | रील्स की सनक में महिला ने की पति को जिंदा जलाने की कोशिश, 4 महीने से न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित, खाकी पर भी गंभीर आरोप!

रील्स की सनक में महिला ने की पति को जिंदा जलाने की कोशिश, 4 महीने से न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित, खाकी पर भी गंभीर आरोप!

रील बाज पत्नी पर कार्रवाई की बजाए पीड़ित पति को ही डरा रही पुलिस, 4 महीने से न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित

प्रतीकात्मक तस्वीर

हरियाणा के जींद जिले के सफीदों से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला पर रील्स (Reels) बनाने की ऐसी सनक सवार हुई कि उसने विरोध करने पर अपने ही पति को जिंदा जलाने की कोशिश की। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के चार महीने बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि उल्टा पुलिसकर्मी ही उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।

सरेआम उड़ाई खाकी की धज्जियां: 'मेरा बालम थानेदार' पर डांस

सोशल मीडिया पर इस समय सफीदों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला सफीदों पुलिस के दो जवानों के ठीक सामने 'मेरा बालम थानेदार चलावे जिप्सी' गाने पर ठुमके लगाती दिख रही है। रील में पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने खड़े हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली और गंभीरता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पति को जिंदा जलाने की खौफनाक साजिश

ससुराल पक्ष का आरोप है कि महिला दिन-रात सोशल मीडिया पर रील बनाने में व्यस्त रहती थी। जब पति और परिजनों ने उसे इस लत को छोड़ने और घर पर ध्यान देने को कहा, तो वह आग बबूला हो गई। आरोप है कि महिला ने गुस्से में आकर घर में आग लगा दी और अपने पति को जिंदा जलाने का प्रयास किया।

4 महीने से न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित

इस जानलेवा हमले में पति गंभीर रूप से झुलस गया था। पीड़ित पिछले चार महीनों से शरीर पर जलने के जख्म और असहनीय दर्द लेकर न्याय की आस में दर-दर की ठोकरें खा रहा है। गंभीर आरोपों के बावजूद स्थानीय पुलिस प्रशासन मौन साधे बैठा है।

खाकी पर गंभीर आरोप: पीड़ित परिवार को ही दे रहे यातनाएं

वार्ड नंबर-3 के निवासी पीड़ित परिवार ने सफीदों पुलिस पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। दोनों वायरल वीडियो वाले पुलिसकर्मी अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार को ही प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि पुलिस पीड़ित पक्ष को बार-बार थाने बुलाकर उनके साथ मारपीट करती है। पुलिस महिला पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित परिवार पर केस रफा-दफा करने और समझौते का लगातार दबाव बना रही है।

उच्च अधिकारियों की चौखट पर पहुंचेगा परिवार

स्थानीय पुलिस की इस कथित मिलीभगत और प्रताड़ना से तंग आकर अब पीड़ित परिवार ने हार नहीं मानी है। परिजनों का कहना है कि वे जल्द ही मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी महिला समेत दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस के उच्च अधिकारियों (एसपी और आईजी) से मुलाकात करेंगे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×