loader
The Haryana Story | क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह पर चंडीगढ़ में FIR दर्ज, वेब सीरीज के विवादित 'डायलॉग' पर बड़ा एक्शन

क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह पर चंडीगढ़ में FIR दर्ज, वेब सीरीज के विवादित 'डायलॉग' पर बड़ा एक्शन

यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक वीडियो क्लिप के बाद जिला बार एसोसिएशन के वकीलों की शिकायत पर की गई

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और अभिनेता योगराज सिंह (क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता) के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस ने महिलाओं पर अत्यंत अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में FIR दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक वीडियो क्लिप के बाद जिला बार एसोसिएशन के वकीलों की शिकायत पर की गई है।

इन गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज

चंडीगढ़ के सेक्टर 36 पुलिस स्टेशन में आईटी एक्ट और नए कानून के तहत अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 महिला की शालीनता और गरिमा को ठेस पहुंचाने या उसका अपमान करने के आरोप में। सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट की धारा 67A / 62A इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लील, अमर्यादित या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के जुर्म में।

क्या है पूरा विवाद? क्यों दर्ज हुई FIR

यह पूरा कानूनी विवाद ओटीटी प्लेटफॉर्म (अमेजन प्राइम वीडियो) पर रिलीज हुई हिंदी वेब सीरीज 'लुक्खे' से जुड़ा हुआ है। इस सीरीज के एक एपिसोड में योगराज सिंह का किरदार 'वालिया साहब' एक महिला पुलिसकर्मी के सामने महिलाओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक और शर्मनाक डायलॉग बोलता है। इस सीन की 17 सेकेंड की वीडियो क्लिप इंटरनेट पर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद लोगों ने योगराज सिंह को गिरफ्तार करने की मांग शुरू कर दी। चंडीगढ़ के एडवोकेट उज्ज्वल भसीन और जतिन वर्मा ने एसएसपी (SSP) को लिखित शिकायत सौंपकर तुरंत सख्त कानूनी एक्शन की मांग की थी।

शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि योगराज सिंह जैसी बड़ी राष्ट्रीय हस्ती के मुंह से इस प्रकार की प्रतिगामी और अपमानजनक भाषा सुनना बेहद विचलित करने वाला है। यह डायलॉग केवल किसी एक महिला का नहीं, बल्कि हमारी माताओं, बहनों, बेटियों और समाज की हर महिला की गरिमा पर सीधा हमला है। इससे समाज में महिलाओं के प्रति नफरत और गलत सोच को बढ़ावा मिलता है।

पंजाब महिला आयोग ने लिया कड़ा संज्ञान

मामले के तूल पकड़ते ही पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज कौर गिल ने भी इस वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने पंजाब पुलिस मुख्यालय को पत्र भेजकर इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करने और जल्द से जल्द विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपने के आदेश दिए हैं। फिलहाल, चंडीगढ़ पुलिस डिजिटल सबूतों और वायरल क्लिप की गहनता से जांच कर रही है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×