loader
The Haryana Story | मनोहर लाल के 'संन्यास' वाले बयान पर राव नरेंद्र का तीखा पलटवार, ईवीएम और महंगाई को लेकर सरकार को घेरा!

मनोहर लाल के 'संन्यास' वाले बयान पर राव नरेंद्र का तीखा पलटवार, ईवीएम और महंगाई को लेकर सरकार को घेरा!

18 से 20 मई तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ कांग्रेस करेगी राज्यव्यापी प्रदर्शन

हरियाणा के यमुनानगर में आज कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से पहुंचे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कानून-व्यवस्था, हालिया निगम चुनाव और बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के बयान पर तीखा पलटवार किया और ईवीएम पर भी गंभीर सवाल उठाए।

'पहले अपनी पार्टी को दें संन्यास का सुझाव'

हाल ही में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अन्य सीनियर नेताओं को राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई थी। इस पर पलटवार करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मनोहर लाल को दूसरों को सलाह देने के बजाय पहले अपनी पार्टी के नेताओं को संन्यास लेने का सुझाव देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनता के बीच रहकर लगातार उनके हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और पार्टी पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।

ईवीएम पर उठाए सवाल, बैलेट पेपर से ही संभव है ईमानदार चुनाव

यमुनानगर में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने हाल ही में हुए निगम चुनावों में धांधली के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया गया। कई जगह ईवीएम मशीनों की सील टूटी हुई पाई गई। मतदाताओं को प्रलोभन देकर प्रभावित करने का प्रयास किया गया। खुद मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने इन स्थानीय चुनावों में उतरकर सरकारी तंत्र पर दबाव बनाया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जब तक देश और प्रदेश में बैलेट पेपर से चुनाव नहीं कराए जाते, तब तक ईमानदारी और निष्पक्षता से चुनाव होने की उम्मीद नहीं की जा सकती।

18 से 20 मई तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन

बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का एलान किया है। राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि पेट्रोल और डीजल के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के विरोध में कांग्रेस पार्टी आगामी 18 से 20 मई तक पूरे हरियाणा में जिला मुख्यालयों पर बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगी। इस आंदोलन के जरिए जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

पीएम की अपील पर कसा तंज: 'साइकिल चलाना सिर्फ दिखावा'

प्रधानमंत्री द्वारा पर्यावरण और स्वास्थ्य को लेकर की जाने वाली अपीलों पर तंज कसते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेताओं का साइकिल चलाना मात्र एक राजनीतिक दिखावा है। जमीन पर आम जनता महंगाई और ईंधन की बढ़ती कीमतों से त्रस्त है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय केवल खोखली बयानबाजी और प्रचार में व्यस्त है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×