हरियाणा के रोहतक जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहाँ महम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के मुख्य कार्यालय पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि विधायक का यह कार्यालय महम पुलिस स्टेशन के ठीक सामने स्थित है। पुलिस की नाक के नीचे हुई इस दुस्साहसिक वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है, जिसमें बाइक सवार दो नकाबपोश युवक गोलीबारी करते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
वारदात शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि करीब 1:12 से 1:13 बजे के बीच हुई
पुलिस और सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि करीब 1:12 से 1:13 बजे के बीच हुई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो नकाबपोश युवक विधायक कार्यालय के सामने आते हैं। वे चलती बाइक से ही कार्यालय के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए 4 से 5 राउंड अंधाधुंध फायरिंग करते हैं और तुरंत मौके से फरार हो जाते हैं।
सुबह केयरटेकर ने देखी गोलियों के निशान
घटना का खुलासा शनिवार सुबह करीब 7:00 बजे हुआ, जब कार्यालय का केयरटेकर संजय काम पर पहुंचा। उसने देखा कि दफ्तर के बाहरी शीशे टूटे हुए हैं और कांच चारों तरफ बिखरा पड़ा है। उसने तुरंत इसकी सूचना विधायक बलराम दांगी को दी। विधायक के कहने पर जब केयरटेकर ने मौके की तस्वीरें भेजीं, तब फायरिंग किए जाने की आशंका पक्की हुई।
दफ्तर के शीशे टूटे, एल्युमिनियम गेट में फंसी मिली गोली
सूचना मिलते ही विधायक बलराम दांगी तुरंत अपने कार्यालय पहुंचे और जांच की। मौके से पुलिस को 4 खाली कारतूस बरामद हुए हैं। हमलावरों द्वारा चलाई गई दो गोलियां दफ्तर के मुख्य शीशे के दरवाजे को चीरती हुई आर-पार निकल गईं, जबकि एक गोली एल्युमिनियम के मुख्य गेट में फंसी हुई मिली। गनीमत यह रही कि रात के समय दफ्तर बंद था, जिससे इस घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ।
विधायक का बयान: 'हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं'
इस दुस्साहसिक हमले के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक बलराम दांगी ने कहा कि उनकी किसी से कोई निजी या राजनीतिक रंजिश नहीं है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुलिस थाने के बिल्कुल सामने एक जनप्रतिनिधि का कार्यालय ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उनके पिता और पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी ने भी इसे पुलिस प्रशासन के लिए एक खुली चुनौती बताया है।
पुलिस महकमे में हड़कंप, 8 टीमों का गठन
थाने के सामने फायरिंग की खबर से रोहतक पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएसपी राकेश मलिक और सीआईए की टीमें तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है। रोहतक के पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित के निर्देशानुसार, हमलावरों की पहचान और धरपकड़ के लिए पुलिस की 8 विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बदमाशों के रूट का पता लगाया जा सके।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?