loader
The Haryana Story | हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर-कंडक्टर की गुंडागर्दी, महिला से अभद्रता का विरोध करने पर यात्री को दी धमकी, वीडियो वायरल

हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर-कंडक्टर की गुंडागर्दी, महिला से अभद्रता का विरोध करने पर यात्री को दी धमकी, वीडियो वायरल

यात्रियों की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले व्यवहार को लेकर एक बार फिर खड़ा हो गया बड़ा सवाल

AI-Generated Images

हरियाणा रोडवेज की बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले व्यवहार को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। पलवल से फरीदाबाद आ रही एक रोडवेज बस में बिना वर्दी के तैनात ड्राइवर और कंडक्टर द्वारा एक महिला यात्री के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और विरोध करने पर सह-यात्री को धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो बस में सवार एक जागरूक यात्री ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है।

बघौला से बैठी महिला पर कसीं फब्तियां

पीड़ित यात्रियों के हक में आवाज उठाने वाले यात्री राजकुमार ने बताया कि वह पलवल बस स्टैंड से हरियाणा रोडवेज की बस में सवार हुए थे। टिकट लेने के बाद बस अपनी मंजिल के लिए रवाना हुई। सफर के दौरान रास्ते में पड़ने वाले बघौला स्टैंड से एक महिला यात्री बस में चढ़ी। महिला के बैठते ही बिना वर्दी पहने बस चला रहे ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणियां और फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। दोनों लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे।

यात्रियों के सामने उड़ाया मर्यादा का मखौल

राजकुमार के अनुसार, बस के अंदर कई बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे भी सवार थे। ड्राइवर और कंडक्टर की इस अश्लील और अमर्यादित बातचीत के कारण बस में बैठे सभी सह-यात्री बेहद असहज और शर्मिंदा महसूस कर रहे थे। माहौल खराब होता देख राजकुमार ने दोनों को टोकते हुए शांतिपूर्वक तरीके से मर्यादा में रहने और यात्रियों का सम्मान करने की अपील की।

विरोध करने पर दी धमकी, मोबाइल में कैद हुई करतूत

यात्री के टोकने पर ड्राइवर और कंडक्टर कुछ देर के लिए तो शांत हो गए, लेकिन थोड़ी देर बाद उन्होंने दोबारा महिला पर तंज कसना और ठहाके लगाना शुरू कर दिया। जब यात्री राजकुमार ने इस पूरी बदतमीजी का विरोध किया और अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोपी ड्राइवर-कंडक्टर भड़क गए। उन्होंने अपनी गलती मानने के बजाय वीडियो बना रहे यात्री को ही देख लेने और अंजाम भुगतने की सीधे तौर पर धमकियां देना शुरू कर दिया।

हरियाणा रोडवेज की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई

फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रोडवेज विभाग के आला अधिकारियों और स्थानीय पुलिस से इन बेलगाम कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। फिलहाल इस मामले में हरियाणा रोडवेज की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि यात्री की शिकायत दर्ज होती है, तो जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×