loader
The Haryana Story | मोदी जी, बच्चों से सॉरी बोलने में शर्म कैसी? राम मंदिर चढ़ावा चोरी और छात्र हिंसा पर बरसे रणदीप सुरजेवाला

मोदी जी, बच्चों से सॉरी बोलने में शर्म कैसी? राम मंदिर चढ़ावा चोरी और छात्र हिंसा पर बरसे रणदीप सुरजेवाला

सुरजेवाला ने सरकार से अपना 'हठ और अहंकार' छोड़ने की मांग की

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने संसद परिसर में हुए छात्र प्रदर्शनों और अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को घेरा है। सुरजेवाला ने सरकार से अपना 'हठ और अहंकार' छोड़ने की मांग की है। सुरजेवाला का सरकार पर आरोप है कि राम मंदिर के निर्माण में 40 प्रतिशत कमीशन खाया गया। गायब हुआ करोड़ों का चढ़ावा, असली दोषियों के बजाय राहुल गांधी पर FIR हो रही है। पीएम मोदी और अमित शाह बच्चों पर लाठियां-आंसू गैस चलवाने के लिए माफ़ी मांगें। भगवान के घर की डकैती करने वालों को 60 हजार जन्मों तक गति नहीं मिलेगी।

मोदी-शाह हठ और अहंकार छोड़ें, बच्चों से बोलें सॉरी

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हाल ही में छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा पहले देश के बच्चों पर लाठियां, अश्रु गैस के गोले और पैलेट गन चलवाई जाती हैं। अब मोदी जी बच्चों को 'सॉरी' बोलने के बजाय उल्टा यह कह रहे हैं कि 'बेटा मैंने तुम्हें माफ़ किया'। मोदी और शाह को अपना हठ और अहंकार छोड़कर बच्चों से कहना चाहिए कि 'सॉरी बेटा, बीजेपी सरकार से गलती हो गई'। सुरजेवाला ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि गरीब की आह और युवा की राह को दुनिया की कोई भी ताकत नहीं रोक सकती।

राम मंदिर निर्माण में 40% कमीशन और चढ़ावे की चोरी

सुरजेवाला ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और भाजपा सरकार पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राम भक्तों की आस्था के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार हुआ है और 40 प्रतिशत तक कमीशन खाया गया है। सुरजेवाला के मुताबिक, देश-विदेश के भक्तों द्वारा दान की गईं सोने-चांदी की ईंटें, आभूषण और करोड़ों का चढ़ावा गायब हो चुका है। उन्होंने सनातन परंपरा का हवाला देते हुए कहा कि जो कोई भी भगवान श्रीराम के मंदिर का चढ़ावा चोरी करता है, उसे 60 हजार जन्मों में भी गति नहीं मिलती। उन्होंने इस मुद्दे पर राज्यसभा में नियम 267 के तहत 'कामकाज स्थगित करने का नोटिस' भी दिया है, ताकि इस महाघोटाले पर तुरंत चर्चा हो सके।

चोरों को जेल भेजने के बजाय राहुल गांधी पर FIR क्यों?

संसद परिसर में विपक्ष द्वारा किए गए एक अनूठे प्रदर्शन के बाद राजनीति गरमा गई है। विपक्ष ने राम मंदिर चढ़ावे में हुई कथित हेराफेरी को दर्शाने के लिए संसद के मकर द्वार पर एक प्रतीकात्मक नाटक किया था। इस प्रदर्शन में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर पुजारी बने थे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा अन्य सांसदों ने दान पेटी में प्रतीकात्मक चंदा डाला था। इसके बाद नाटक में दिखाया गया कि दान पेटी से पैसे गायब हो रहे हैं। इस नाटक से नाराज होकर हिंदू संगठनों और संतों की शिकायत पर वाराणसी और दिल्ली में राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। उन पर सनातन धर्म और भगवा वस्त्र का अपमान करने का आरोप लगाया गया है।

सुरजेवाला का तीखा सवाल

कांग्रेस नेता ने इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि मंदिर का चढ़ावा चुराने वाले असली दोषियों को जेल भेजने के बजाय सरकार आवाज उठाने वाले विपक्ष और राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज कर रही है, जो पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। सुरजेवाला और कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी से इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ने और मंदिर के पैसों की हेराफेरी की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग दोहराई है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×