loader
The Haryana Story | अनिल विज का बड़ा दावा- ‘मोदी के दौर में भारत की दुनिया में बढ़ी ताकत’, बोले- 'अब उग्रवादियों को घर में घुसकर मारते हैं'

अनिल विज का बड़ा दावा- ‘मोदी के दौर में भारत की दुनिया में बढ़ी ताकत’, बोले- 'अब उग्रवादियों को घर में घुसकर मारते हैं'

PM मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, हर लाभार्थी के घर जलाया जाएगा दीया

अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्ष के जनसेवा समर्पण के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा जीवन सेवा को समर्पित रहा है और उनके नेतृत्व में देश ने कई बड़े आयाम स्थापित किए हैं। फारूखा खालसा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनिल विज ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लंबे समय तक देश और समाज की सेवा की है। उनके कार्यों और उपलब्धियों को किसी एक भाषण में समेटना संभव नहीं है।

‘मोदी के नेतृत्व में दुनिया में बढ़ा भारत का सम्मान’

अनिल विज ने कहा कि आज भारत की विदेशों में प्रतिष्ठा पहले के मुकाबले काफी बढ़ी है। उन्होंने कहा, “आज ब्रिक्स का सम्मेलन भारत में हो रहा है और बड़े देशों के लोग हमारे प्रधानमंत्री के साथ खड़े हैं, यह हमारे लिए गर्व की बात है।” उन्होंने कहा कि विदेशों में भारतीयों को जो सम्मान आज मिल रहा है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की वजह से है। विज ने अपने विदेश दौरों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने खुद महसूस किया है कि दुनिया में भारतीयों का सम्मान पहले से कहीं अधिक बढ़ा है।

‘पहले श्रद्धांजलि देते थे, अब उग्रवादियों को घर में घुसकर मारते हैं’

केंद्र की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए अनिल विज ने कहा कि पहले देश में आतंकी घटनाओं के बाद सरकारें केवल श्रद्धांजलि देने तक सीमित रह जाती थीं। उन्होंने कहा कि अब परिस्थितियां बदल गई हैं। विज ने कहा, “पहले बाहर से उग्रवादी आते थे, देश में लोगों को मारकर चले जाते थे और हम केवल श्रद्धांजलियां देने तक सीमित रहते थे। मगर अब ऐसी कोई हरकत होती है तो हमने पाकिस्तान को उसके घर के अंदर घुसकर मारा है।” उन्होंने पिछले वर्ष के ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बिना किसी बाहरी देश से सहायता मांगे पाकिस्तान को जवाब दिया। विज ने कहा कि आज भारत अपनी आन-बान और सम्मान की रक्षा के लिए कड़े फैसले लेने वाला देश बन चुका है।

‘राजनीति दुकानदारी नहीं, सेवा का माध्यम है’

अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी का इतिहास जिम्मेदारी को पूरी ताकत और समर्पण के साथ निभाने का रहा है। उन्होंने कहा कि अंबाला की जनता ने उन्हें सात बार विधायक बनाया और हालिया लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भी कार्यकर्ताओं की मेहनत से अंबाला छावनी में भाजपा को जीत मिली। उन्होंने कहा, “हम जो कुछ भी कर पाए हैं, वह कार्यकर्ताओं की ताकत की बदौलत कर पाए हैं।” विज ने बताया कि वह वर्ष 1970 से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में उन्हें बचपन से ही एक बात सिखाई गई कि “राजनीति हमारे लिए दुकानदारी का मौका नहीं, राजनीति हमारे लिए सेवा करने का मौका है।” 

हर लाभार्थी के घर जलाया जाएगा ‘सेवा का दीया’

अनिल विज ने कहा कि भाजपा और सरकार का उद्देश्य जनसेवा है। इसी भावना को आगे बढ़ाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभियान के तहत हर लाभार्थी के घर दीया जलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का कार्यक्रम होगा। इस दौरान अंबाला छावनी में ऐसा माहौल बनाया जाए, जैसे पूरे शहर में दीपावली मनाई जा रही हो। विकास कार्यों और तैयार किए गए प्रमुख प्रोजेक्टों पर भी दीये जलाने का आह्वान उन्होंने कार्यकर्ताओं से किया।

इन प्रकल्पों में भी होगी जनभागीदारी

अनिल विज ने कार्यकर्ताओं से अभियान के तहत विभिन्न प्रकल्पों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। इनमें ‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा दिवस’ शामिल हैं। उन्होंने भाजपा मंडल प्रधानों, प्रभारियों और अन्य पदाधिकारियों से इन कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की।

ये नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा नेता दीपक शर्मा, राजेश बतौरा, संजीव सोनी, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, राजीव डिम्पल, सुरेंद्र बिंद्रा, किरणपाल चौहान, बलविंद्र शाहपुर, अजय बवेजा, मदनलाल शर्मा, तरविंद्र सिंह, जसबीर जस्सी, विजेंद्र चौहान, बीएस बिंद्रा, सुदर्शन सिंह सहगल, रवि बुद्धिराजा, हर्ष बिंद्रा, विकास बहगल, रवि सहगल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×