loader
The Haryana Story | इसराना में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दीपेंद्र हुड्डा बोले- बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता परेशान, बदलाव का इंतजार

इसराना में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दीपेंद्र हुड्डा बोले- बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता परेशान, बदलाव का इंतजार

दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा

पानीपत जिले के इसराना विधानसभा क्षेत्र के निहाल गार्डन में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पार्टी नेताओं में उत्साह देखने को मिला।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

सम्मेलन को संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार चरम पर है और युवा वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज उठाने पर उन्हें लाठियों का सामना करना पड़ा। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से परेशान हो चुकी है और आने वाले चुनाव का इंतजार कर रही है। उन्होंने इसराना में जुटी भीड़ का हवाला देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि लोग बदलाव चाहते हैं।

किसान-मजदूर और युवाओं के मुद्दे उठाए 

राज्यसभा सांसद ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसान, मजदूर, छात्र और समाज के सभी वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने इसराना ब्लॉक अध्यक्ष रंजीत रोड और पूर्व विधायक बलबीर सिंह वाल्मीकि का उत्साह बढ़ाया। सम्मेलन में उमड़ी भीड़ का अभिनंदन करते हुए हुड्डा ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। 

ये नेता रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रमेश मलिक, ग्रामीण क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी खुशीराम जागलान, पूर्व प्रत्याशी सचिन कुंडू, करनाल लोकसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा, जिला पार्षद प्रतिनिधि अनिल मलिक, जिला पार्षद डॉ. जगबीर आर्य, इसराना ब्लॉक अध्यक्ष रंजीत रोड, मतलौडा ब्लॉक अध्यक्ष विकास शर्मा, कंवर सिंह छोकर, जसबीर पानू और राज सिंह आर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा जोश और उत्साह देखने को मिला।

Join The Conversation Opens in a new tab
×