हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी पर परिवारवाद और इलाकावाद की राजनीति करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब तक इन मुद्दों से बाहर नहीं निकलेगी, तब तक भाजपा की जीत का सिलसिला जारी रहने की बात कही जा सकती है। मंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर विपक्ष की ओर से सवाल उठाए जाने पर भी कांग्रेस को घेरा। चरखी दादरी के विश्रामगृह में पहुंचे कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस की राजनीति, सेवा संकल्प अभियान और हरियाणा सरकार के कामकाज को लेकर अपनी बात रखी।
‘कांग्रेस बुद्धिहीन, सेवा नहीं, अपने घर भरने का काम किया’
मंत्री कृष्ण बेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी सेवा का संकल्प नहीं लिया, बल्कि पार्टी में परिवारवाद और भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देने का काम किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में संकल्प इस बात का लिया जाता रहा कि किसके भाई-भतीजे को आगे बढ़ाना है और परिवार के किस सदस्य को टिकट दिलाना है।
बेदी ने कहा कि भाजपा संघर्ष, समानता और भाईचारे के साथ ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कांग्रेस को आत्ममंथन करने की नसीहत देते हुए कहा कि करीब 150 साल पुरानी पार्टी आज जिन राजनीतिक परिस्थितियों में पहुंची है, उस पर उसे विचार करना चाहिए। मंत्री ने बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और दिल्ली जैसे राज्यों में कांग्रेस के कमजोर राजनीतिक आधार का भी उल्लेख किया।
सेवा संकल्प अभियान पर सवाल उठाने को लेकर विपक्ष को घेरा
कैबिनेट मंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए जाने पर कहा कि यह भाजपा का निजी मामला है, लेकिन कांग्रेस इसमें भी दखल देने का काम करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सेवा के मुद्दे पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास और कामकाज पर विचार करना चाहिए।
हुड्डा, शैलजा से लेकर सुरजेवाला तक पर कटाक्ष
कृष्ण बेदी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, कुलदीप शर्मा और रणदीप सिंह सुरजेवाला का जिक्र करते हुए परिवारवाद को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में परिवारवाद को बढ़ावा देने और राजनीतिक पदों पर अपने करीबियों को आगे लाने का लालच बना हुआ है। मंत्री ने कहा कि जब तक कांग्रेस परिवारवाद और इलाकाबाद की राजनीति से बाहर नहीं निकलती, तब तक उसे राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
सफाई कर्मचारियों की मांगें पूरी करने पर CM सैनी की तारीफ
हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर भी मंत्री कृष्ण बेदी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांगों को पूरा करके मिसाल कायम की है।
सुशील गुप्ता पर भी साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के सवालों का जवाब देना उनका काम नहीं है। उन्होंने खुद को भाजपा का कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वह अपनी पार्टी और संगठन के कार्यों के लिए जिम्मेदार हैं। सुशील गुप्ता पर कटाक्ष करते हुए बेदी ने कहा, “उन्हें चरखी दादरी में कोई नहीं जानता, इसलिए परेशान होने की जरूरत नहीं है।” गौरतलब है कि सुशील गुप्ता ने हाल ही में बाढड़ा में भाजपा सरकार और कांग्रेस को लेकर बयान दिए थे। इसके बाद चरखी दादरी की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?