ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर करीब 1.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पंचकूला पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले में 13वें आरोपी रविंद्र बिश्नोई उर्फ रवि, निवासी जोधपुर (राजस्थान) को 18 सितंबर को जोधपुर में दबिश देकर गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
वहीं मामले में गिरफ्तार 12वें आरोपी सुरेश भादू का रिमांड पूरा होने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, यह मामला 10 अक्टूबर 2024 को साइबर क्राइम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4), 336(2), 338, 340 और 61 के तहत दर्ज किया गया था। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर भूप सिंह कर रहे हैं।
ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार, पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता को नवंबर 2023 में टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाया और अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाई। शुरुआत में ऐप पर निवेश की रकम पर मुनाफा दिखाया गया और कुछ राशि निकालने की अनुमति भी दी गई। इससे शिकायतकर्ता को ऐप और आरोपियों पर भरोसा हो गया। इसके बाद जब उसने अधिक रकम निकालने का प्रयास किया तो उससे 30 प्रतिशत टैक्स के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा करने को कहा गया। इस तरह अलग-अलग किस्तों में उससे करीब 1.50 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें राजेश कुमार, आकिब अली उर्फ शेरू, आकाश, विशाल कुमार, मोनू उर्फ मोहम्मद असरफ, संदीप कुमार सिंह, ऋषभ वैश्य, अनुपम कुमार सिंह, आकाश गुप्ता, अनिल खुडखुड़िया, श्यामलाल, सुरेश भादू और रविंद्र बिश्नोई उर्फ रवि शामिल हैं। पुलिस अब रविंद्र बिश्नोई से रिमांड के दौरान मामले में उसकी भूमिका, बैंक खातों और ठगी की रकम से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ करेगी।
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे के लालच में किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसा जमा न करें। किसी भी ट्रेडिंग ऐप, लिंक या निवेश प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच किए बिना उसमें रकम न लगाएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
related
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
दुष्यंत ने सैनी सरकार पर लगाए 'फिजूलखर्ची' के आरोप, बोले - करोड़ों का हेलीकॉप्टर बना 'सफेद हाथी', जनता के टैक्स की बर्बादी
अहीरवाल की 'सियासी जंग' तेज़: राव नरवीर ने नायब सैनी को दिया 'मास्टरस्ट्रोक' सुझाव, राव इंद्रजीत पर साधा कड़ा निशाना
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?