हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, करनाल से मुझे प्रत्याशी बनाया गया है और करनाल में हमारी टीम लोकसभा क्षेत्र की बहुत अच्छी है। हमारे अभी वहां से सांसद संजय भाटिया ने ही जिम्मेदारी ली है कि वे लोकसभा चुनाव का प्रचार खुद करेंगे। मुझे भी जाना होगा लेकिन मुझे लगता है कि मेरा समय काफी बच जाएगा। इस कारण से हरियाणा और देश में जहां भी जाना होगा वे मुझे जैसा केंद्रीय चुनाव समिति बताएगी वैसा मैं करूंगा। हरियाणा में प्रदेश की इकाई रणनीति बनाएगी, वैसा करेंगे।
सैनी करनाल से उप चुनाव लड़ेंगे, तो उनकी जीत भी होगी
पूर्व सीएम ने कहा कि, मैंने अपना वहां से त्यागपत्र दे दिया है। संयोग की बात यह है कि अब वहां उप चुनाव होंगे। नायब सैनी अभी सीएम बने हैं। लेकिन वे विधानसभा के सदस्य नहीं है। इसलिए मुझे लगता है कि करनाल से उन्हीं के नाम के चुनाव की घोषणा जल्द होगी। चूंकि सीएम सिटी करनाल को कहा गया है, तो मैं चाहूंगा कि सीएम सिटी करनाल ही रहे। अगर नायब सैनी करनाल से उप चुनाव लड़ेंगे, तो उनकी जीत भी होगी और करनाल सीएम सिटी ही रहेगा।
सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड करनाल के नाम
हरियाणा में अगर 2009 और उसके बाद हुए 2 लोकसभा चुनाव की बात की जाए तो मार्जिन के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड करनाल के नाम है। 2019 में करनाल सीट पर भाजपा के पक्ष में ऐसी एकतरफा वोटिंग हुई कि यहां के संजय भाटिया का नाम पूरे देश में सबसे ज्यादा मार्जिन से जीतने वालों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर दर्ज हो चुका है। 2019 में देशभर में सबसे ज्यादा अंतर से जीतने वाले सभी 10 सांसद भाजपा के थे लेकिन इनमें नरेंद्र मोदी का नाम शामिल नहीं है। 2019 में करनाल सीट पर संजय भाटिया ने कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 6 लाख 56 हजार 142 वोट से हराया था। भाटिया को कुल 9 लाख 11 हजार 594 वोट मिले। विनिंग मार्जिन के लिहाज से देशभर में उनसे आगे सिर्फ भाजपा के सीआर पाटिल रहे जो गुजरात की नवसारी सीट से 6 लाख 89 हजार 668 वोटों से जीते थे।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश