हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि आजकल देश की दो पार्टियां (कांग्रेस एवं आरजेडी), जिनके अपने दामन पर भ्रष्टचार, चोरी, घोटालों के अनेकों आरोप हैं, ये वोट चोरी का मुददा बनाकर यात्राएं निकाल रहे हैं। ये ऐसे हो गया जैसे कि चोर मचाए शोर। उन्होंने कहा कि बिहार से सारे विश्व को ज्ञान का संदेश दिया गया है। वहां के लोग काफी ज्ञाता है, बिहार के लोग जानते हैं कि ये (कांग्रेस एवं आरजेडी) किस लिए शोर मचा रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता चुनाव में इनको सबक सिखाएगी। विज आज यहां चण्डीगढ में मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
कांग्रेस और आरजेडी को अपने दामन को भी देखना चाहिए
उन्होंने कहा कि देश 1947 में आजाद हुआ था। कांग्रेस ने सत्ता संभाल ली और अभी लोग आजादी के जश्न में झूम ही रहे थे कि 1948 में कांग्रेस ने जीप घोटाला कर दिया। उस समय 2000 जीपें खरीदी गई थी उसका घोटाला हुआ था। उसके बाद बोफोर्स घोटाला हुआ, 2जी स्पैक्ट्रम घोटाला हुआ, अगस्टा हैलीकाप्टर डील का घोटाला भी हुआ। यही नहीं कारगिल की विधवाओं के लिए महाराष्ट्र में बनाई गई सोसायटी में भी घोटाला हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की घोटालों की सूची काफी लंबी है। उसी प्रकार से आरजेडी का चारा घोटाला, जॉब फॉर लैण्ड घोटाला, आईआरसीटीसी घोटाला इत्यादि है। कांग्रेस और आरजेडी को अपने दामन को भी देखना चाहिए।
इन दोनों पार्टियों को यह चीज बहुत ही महंगी पड़ेगी
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की एक प्रक्रिया है, यदि प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में कोई त्रुटि रह जाती है तो चुनाव आयोग उसके लिए समय देता है। अब ये मामला सुप्रीम कोर्ट में है और सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को लेकर संज्ञान भी ले लिया है। केवल लोगों को गुमराह करने के लिए और सुबह उठकर सबको गाली देने के लिए कांग्रेस और आरजेडी के नेता, जिनके खुद के दामन पर भ्रष्टाचार के इतने दाग हैं, कि हिन्दूस्तान की डेमोक्रेसी भी इनके सामने शर्माती है और आने वाले चुनावों में इन दोनों पार्टियों को यह चीज बहुत ही महंगी पड़ेगी।
बादल फटने के कारणों के संबंध में पर्यावरणविदों को अध्ययन व विचार करना चाहिए
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि बाढ़ व बादल फटने से होने वाले नुकसान से निपटने के लिए सभी सरकारें सचेत हैं और पीड़ितों को मदद पहुंचाने के लिए सरकार तैयार है। उन्होंने कहा कि बादल फटने के कारणों के संबंध में पर्यावरणविदों को अध्ययन व विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गत दिनों वैष्णों देवी में पहाड़ खिसकने से 30 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, उसके लिए प्रधानमंत्री ने भी शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि उनके जीवन में पहली बार इतने बादल फटने की घटनाएं सुनी है, जितने इस बार हो रहे है और जिससे गांव के गांव तबाह हो रहे हैं। इस बारे में पर्यावरणविदों को विचार करना चाहिए, कि इस बार इतने बादल क्यों फट रहे हैं जबकि पहले इतने नहीं होते थे। उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है और इन्फ्रांस्ट्रक्चर को पुनः स्थापित करने के लिए सरकार लगी हुई है।
बुरे काम करने वालों का कभी भी इस देश में महिमामण्डन नहीं किया जा सकता
मीडिया द्वारा अपराधियों को महिमामंडन के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ये सभ्यता के अनुकूल बात कही गई है, क्योंकि हमें उन्हीं का महिमामण्डन करना चाहिए, जिनको आगे लोग अपनाएं। यदि बदमाशों/ गैंगस्टरों इत्यादि का महिमामण्डन किया जाता है तो लोग प्रभावित होते हैं। हमारे देश में उच्च चरित्रवान लोगों का गुणगान हुआ है, और उच्च चरित्रवान लोगों की बात की जाती है, और बुरे काम करने वालों का कभी भी इस देश में महिमामण्डन नहीं किया जा सकता है।
कांग्रेस व आप पार्टी ने हमेशा से ही तानाशाही की है और ये चाहते हैं कि देश में तानाशाही होनी चाहिए आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में विज ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का एक एजेंडा है कि देश की जितनी भी प्रजांतात्रिक संस्थाएं/स्वायत संस्थाएं हैं, उनको नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि चाहे सीबीआई, ईडी, ईसीआई या अन्य कोई ओर भी प्रजातांत्रिक संस्थाएं हों। क्योंकि कांग्रेस व आप पार्टी ने हमेशा से ही तानाशाही की है और ये चाहते हैं कि देश में तानाशाही होनी चाहिए।
सीएम ने आकंडों सहित जवाब दे दिया और विपक्ष मैदान छोड़कर भाग गया
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने विपक्ष द्वारा कानून व्यवस्था के संबंध में उठाए जाने के सवालों के संबंध में कहा कि ‘‘मैं समझता हूं कि विधानसभा में मुख्यमंत्री जी ने आकंडों सहित जवाब दे दिया है और विपक्ष इसको सहन नहीं कर सका और विपक्ष मैदान छोड़कर भाग गया’’। पिछले चार दिनों तक हरियाणा विधानसभा का सत्र संचालित गया और विपक्ष सत्र के दौरान सदन तथा सदन के बाहर लगातार कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है, के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में विज ने विपक्ष के समक्ष सवाल खडा करते हुए कहा कि यदि विपक्ष के पास कानून व्यवस्था के जवाब के संदर्भ में कुछ था तो विपक्ष सदन में ही जवाब देता।
विपक्ष को हाउस के अंदर ही कहना चाहिए था, बाहर आकर नहीं कहना चाहिए था
कब-कब किस राज में कितना अपराध हुआ, का तुलनात्मक सदन में बताया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम अपनी आवाज उठाना है लेकिन सरकार ने आंकडों सहित विपक्ष को जवाब दिया है। भूपेन्द्र सिंह हुडा द्वारा विधानसभा में सही आंकडे सरकार द्वारा न दिए जाने के संबंध में लगाए गए आरोप के बारे में पूछ्रे गए सवाल के जवाब में विज ने कहा कि दैट इज कंटेप्ट आफ हाउस, यदि गलत आंकडे दिए थे तो इन्हें हाउस में बताना चाहिए था, बाहर आकर कहने का कोई अधिकार नहीं है। विपक्ष को हाउस के अंदर ही कहना चाहिए था, बाहर आकर नहीं कहना चाहिए था। विधानसभा में सभी को मौका मिलता है और पक्ष व विपक्ष अपनी-अपनी बात कहता है, जबकि विपक्ष मैदान छोड़ भाग जाता है और ये भगोड़े है।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश