केंद्रीय आवासन, ऊर्जा एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को सुबह हिंद दी चादर मैराथन के बाद करनाल लघु सचिवालय में दिशा समिति की बैठक लेने पहुंचे। बैठक में केंद्र सरकार की 22 योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई, जिनमें प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना, पीएम आवास योजना, स्वनिधि योजना और प्राकृतिक खेती अभियान शामिल रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंचाया जाए और कहा कि अब सरकार गांव-गांव पुस्तकालय खोलने पर जोर दे रही है ताकि ग्रामीण युवाओं में अध्ययन की प्रवृत्ति बढ़े।
‘वोट चोरी’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अब खोखली हो चुकी
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मनोहर लाल ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अब खोखली हो चुकी है। उल्टे-सीधे आरोप लगाकर वे खुद को व्यस्त रखेंगे, और इससे भाजपा को ही फायदा होगा। मनोहर लाल ने विपक्ष की हाइड्रोजन बम जैसी टिप्पणी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह हरियाणा में नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव को देखते हुए विपक्षी दलों ने यह शब्द इस्तेमाल किया, लेकिन जनता सब समझती है। ऐसे मुद्दों से लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पारदर्शिता और सुचिता निरंतर बढ़ रही है। जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी जांच की जा रही है कि यदि कोई गड़बड़ी हुई भी है तो कब और कैसे।
सरकार पूरी तरह स्थिर और सफल
मुख्यमंत्री नायब सैनी की कार्यशैली पर पूछे गए सवाल के जवाब में मनोहर लाल ने कहा कि नायब सैनी जनता और प्रशासन दोनों से जुड़े हैं, और उन्हें पता है कि क्या काम करना है और क्या नहीं। सरकार पूरी तरह स्थिर और सफल है। उन्होंने आगे कहा कि 2029 का चुनाव भी भाजपा के खाते में ही जाएगा।केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य इलेक्ट्रिक वाहनों का है, और सरकार पेट्रोल-डीजल की निर्भरता घटाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा, “भारत आज पावर में सरप्लस देश बन चुका है, अब आवश्यकता है कि हम स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ें।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश