loader
The Haryana Story | अजय चौटाला बोले - कांग्रेस ने खुद अपनी लुटिया डुबोई, इनकी वजह से ही भाजपा की सरकार बनी

अजय चौटाला बोले - कांग्रेस ने खुद अपनी लुटिया डुबोई, इनकी वजह से ही भाजपा की सरकार बनी

अजय बोले - अब तो प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में भी बच्चियां सुरक्षित नहीं है। सीएम के सुरक्षा के दावों की पोल खोलते हुए डॉ चौटाला ने कहा कि प्रदेश की इस जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा ?

खुद कांग्रेसियों ने ही भाजपा से मिलीभगत करके कांग्रेस की लुटिया डुबोई और अब बीजेपी प्रदेश को जमकर लूटने में लगी हुई है। उक्त बातें जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला ने दादरी हल्के के गांव मोरवाला व जिंजर में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कही। डा. अजय चौटाला ने भाजपा-कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि कांग्रेस की वजह से ही भाजपा की सरकार बनी है। अजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में आज जंगल राज है। 

बहू-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया

हर रोज चोरी, डकैती, लूटपाट एवं हत्याएं आम बात हो गई है। बहू-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। अब तो प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में भी बच्चियां सुरक्षित नहीं है। सीएम के सुरक्षा के दावों की पोल खोलते हुए डॉ चौटाला ने कहा कि प्रदेश की इस जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा ? डा.चौटाला ने भाजपा सरकार को किसान-कमेरे की विरोधी बताते हुए कहा कि किसान की फसल की आज लागत ही पूरी नहीं हो रही है। लाखों एकड़ में पानी भर गया, लेकिन मुआवजा तो दूर अब तक सरकार हजारों एकड़ में से तो पानी ही नहीं निकाल पा रही।

जलभराव से प्रभावित सभी किसानों को मुआवजा नहीं दे रही

हरियाणा की भाजपा सरकार बारिश और जलभराव से प्रभावित सभी किसानों को मुआवजा नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा केवल 50 हजार किसानों के लिए ही मुआवजा जारी किया गया है, जबकि करीब पांच लाख किसानों ने मुआवजा लेने के लिए आवेदन किया था। ऐसे में लाखों किसान सरकार की मदद से वंचित रह जाएंगे। सरकार की तरफ से फसल खराबे के एक-एक किसान को मुआवजा मिलना चाहिए। 

जेजेपी की ऐतिहासिक रैली से भाजपा सरकार बौखला और घबरा गई

जुलाना में हुई जेजेपी की ऐतिहासिक रैली से भाजपा सरकार बौखला और घबरा गई है, तभी जेजेपी नेताओं की सुरक्षा वापस ले गई और इससे प्रतीत होता है कि प्रदेश के डीजीपी एक सामान्य सेवक की तरह नहीं बल्कि तानाशाह के तौर पर कार्य कर रहे हैं। जेजेपी नेताओं की सिक्योरिटी वापस लेने के सवाल पर उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता नहीं है, सरकार आम जनता को सुरक्षा दें। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उन्होंने पुलिस से सुरक्षा नहीं मांगी थी, बल्कि एक घटना के बाद खुद पुलिस ने ही सिक्योरिटी दी थी। रैली की भीड़ और दुष्यंत चौटाला के थार वाले बयान से बीजेपी और डीजीपी के पसीने छुट गए है।

किसानों के साथ कम दाम पर धान खरीदकर छल किया गया

दूसरी तरफ सरकार की मिलीभगत के कारण हजारों करोड़ रुपए का धान घोटाला कर किसानों के साथ कम दाम पर धान खरीदकर छल किया गया है। इस अवसर पर किसान प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष नरेश द्वारका, जिला अध्यक्ष रविन्द्र सांगवान चरखी, जिला प्रभारी ऋषिपाल उमरवास, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सज्जन बलाली, हल्का अध्यक्ष राकेश कलकल, प्रदेश उपाध्यक्ष मनफुल रावलधी, जिला मिडिया प्रभारी राजेन्द्र हूई, संगीता चौहान, राजवंती फोगाट, धर्मराज फोगाट प्रेम मंदोला, संजीव चरखी, धर्मराज यादव, अजय बलोदा, अशोक सिहाग, धर्मवीर मानकावास आदि उपस्थित रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×