loader
The Haryana Story | हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में कुल आठ विधेयक पेश किए

हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में कुल आठ विधेयक पेश किए

पहले दिन की कार्यवाही में राजनीतिक संदेश भी नजर आया

हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज पहला दिन रहा। सदन में कुल आठ विधेयक पेश किए गए। कार्यवाही की शुरूआत प्रश्नकाल से हुई। सत्र की शुरूआत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में सबसे पहले शोक संदेश पढ़े और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला ने भी शोक व्यक्त किया। स्पीकर के निर्देश पर सदन में दो मिनट का मौन रखा गया। पहले दिन की कार्यवाही में राजनीतिक संदेश भी नजर आया। मुख्यमंत्री नायब सैनी भगवा पगड़ी पहनकर सदन पहुंचे, वहीं कांग्रेस के पांच विधायक हरी जैकेट में नजर आए। कांग्रेस विधायकों ने कहा कि हरा रंग किसानों का प्रतीक है और वे सत्र के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाएंगे। प्रश्नकाल के दौरान मंत्री अनिल विज ने शायराना अंदाज में नेता प्रतिपक्ष बनने पर भूपेंद्र हुड्डा को बधाई भी दी।

शीतकालीन सत्र में पेश किए गए आठ विधेयक

हरियाणा विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दौरान आठ विधेयक प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुत किए गए विधेयकों में हरियाणा श्रीमाता मनसा देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा श्रीमाता शीतला देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा श्रीमाता भीमेष्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदार नाथ पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा पंचायती राज (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025 तथा हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025 शामिल हैं।

सर्वप्रथम सदन के नेता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक प्रस्ताव पढ़े

विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन में पिछले सत्र और इस सत्र की अवधि के दौरान मृत्यु को प्राप्त हुए महान विभूतियों, स्वतंत्रता सेनानी और शहीद जवानों के सम्मान में शोक प्रस्ताव पढ़े गए और शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की गई। सर्वप्रथम सदन के नेता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक प्रस्ताव पढ़े। इनके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा आदित्य देवी लाल ने अपनी पार्टी की ओर से शोक प्रस्ताव पढ़कर श्रद्धांजलि दी। सदन के सभी सदस्यों, अधिकारियों, मीडियाकर्मियों और सदन में मौजूद सभी कर्मचारियों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रखा तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना भी की। सदन में जिनके शोक प्रस्ताव पढ़े गए, उनमें मिजोरम के भूतपूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल, भूतपूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल, हरियाणा के भूतपूर्व राज्यमंत्री खरैती लाल शर्मा व चौधरी साहब सिंह सैनी शामिल हैं। 

हर नागरिक को पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की सरकार की जिम्मेदारी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हर नागरिक को पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में रोहतक में भी हर घर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री वीरवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विधायक भारत भूषण बत्तरा द्वारा रोहतक शहर में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर जवाब दे रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि जलाशय के निर्माण के संबंध में नगर निगम, रोहतक की 16 एकड़ भूमि है, जिसके विभाग को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है। 

सरकार ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों की स्थिति को गंभीरता से लिया

इसके अलावा, सोनीपत सड़क पर एक पम्प खराब है, उसकी क्षमता बढ़ाई जा रही है, उस पंप को दुरुस्त किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतक क्षेत्र में पानी की कमी नहीं आने दी जाएगी, इसके लिए सरकार काम कर रही है। किसान हित सर्वोपरि, हर स्थिति में साथ खड़ी है भाजपा सरकार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों की स्थिति को गंभीरता से लिया है और उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर क्षेत्रों का दौरा किया था और किसानों से बात भी की थी। बाढ़ के कारण खेतों में एकत्रित हुई रेत के उठान के संबंध में सरकार ने टीम भेजी थी कि अगर किसी के खेत में ज्यादा रेत आ गई है, तो उसके उठान की सरकार मंजूरी देगी।

Join The Conversation Opens in a new tab
×