loader
The Haryana Story | दुष्यंत ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले - भाजपा सरकार के लिए 'सुरक्षा कवच' का काम रहा विपक्ष

दुष्यंत ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले - भाजपा सरकार के लिए 'सुरक्षा कवच' का काम रहा विपक्ष

अविश्वास प्रस्ताव से सैनी सरकार को राहत, कांग्रेस-बीजेपी की आपसी समझ उजागर

हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को करनाल में जेजेपी कार्यकर्ताओं से बैठक के उपरांत पत्रकारों के सवालों का जवाब देते के दौरान कांग्रेस और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव सरकार को गिराने के बजाय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार के लिए सुरक्षा कवच का काम कर रहा है।

अहम मुद्दों पर सरकार और कांग्रेस की भूमिका पर सवाल

करनाल में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए चौटाला ने संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए और प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सरकार और कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में न तो बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कोई गंभीर चर्चा हो रही है, न ही 100 करोड़ रुपये से अधिक की जीरी चोरी पर बहस की जा रही है और न ही हरियाणा पावर सिस्टम (एचपीएसई) की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए जा रहे हैं। 

असंध को सबसे पहले जिला बनाया जाना चाहिए

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब न विधायकों का समर्थन घटा है और न ही किसी निर्दलीय ने सरकार से हाथ खींचा है, तो फिर अविश्वास प्रस्ताव किस आधार पर लाया गया। इससे साफ है कि यह केवल औपचारिकता है और कांग्रेस-बीजेपी की मिलीभगत को दर्शाता है। हांसी को जिला बनाए जाने पर चौटाला ने फैसले का स्वागत किया, लेकिन कहा कि प्रदेश में तीन नए जिलों की मांग लंबे समय से लंबित है। उन्होंने कहा कि असंध ऐसा क्षेत्र है, जो चारों ओर से जिलों से 45 किलोमीटर दूर स्थित है और सबसे पहले उसे जिला बनाया जाना चाहिए। 

योजना का न सिर्फ नाम बदला गया, बल्कि उसका स्वरूप भी कमजोर कर दिया

मनरेगा को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योजना का न सिर्फ नाम बदला गया, बल्कि उसका स्वरूप भी कमजोर कर दिया गया है। केंद्र का हिस्सा 75 प्रतिशत से घटाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि राज्यों पर पहले से ही कर्ज का दबाव है। आने वाले समय में मनरेगा के तहत रोजगार के अवसरों में भारी कमी आ सकती है। दिल्ली में वोट चोरी को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए चौटाला ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने पुराने चुनावी उदाहरण गिनाते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि कैथल जैसी घटनाएं हालात की गंभीरता को दिखाती हैं। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और खराब हो सकती है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×