loader
The Haryana Story | महीपाल ढांडा बोले - सही आचरण और इच्छा शक्ति से किया गया कार्य ही सुशासन का मूल मंत्र

महीपाल ढांडा बोले - सही आचरण और इच्छा शक्ति से किया गया कार्य ही सुशासन का मूल मंत्र

अधिकारियों और कर्मचारियों की बहुत बड़ी जिम्मेदारी रहती है, वे योजनाओं का लाभ किसे दे रहे हैं और किसे नहीं दे रहे हैं, दोनों तरह की जिम्मेदारी उन्हीं की है

प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने वीरवार को जिला सचिवालय में आयोजित सुशासन दिवस के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कहा कि हमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों से संकल्प लेना चाहिए कि हम लोगों की सेवा के लिए संवेदनशील हों। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता का काम सही आचरण और इच्छा शक्ति से करे यही सुशासन का मूल मंत्र है। अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता की सेवा करने का संकल्प लेकर कार्य करना चाहिए ताकि जनता के समक्ष उनका उदाहरण प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत किया जा सके। 

हम सभी प्रण लें कि हम लोगों की सेवा करें ताकि पानीपत जिला को सुशासन के मामले में प्रथम स्थान प्राप्त हो

उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की बहुत बड़ी जिम्मेदारी रहती है वे योजनाओं का लाभ किसे दे रहे हैं और किसे नहीं दे रहे हैं, दोनों तरह की जिम्मेदारी उन्हीं की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि आज हम सुशासन दिवस के अवसर पर यहां एकत्रित हैं। ऐसे में हम सभी प्रण लें कि हम लोगों की सेवा करें ताकि पानीपत जिला को सुशासन के मामले में प्रथम स्थान प्राप्त हो और यह जिला दूसरे जिलों के लिए भी प्रेरणादायी बने। महिपाल ढांडा ने कहा कि कोई भी पीड़ित व्यक्ति जब कार्यालय में आता है तो वह एक आश और विश्वास लेकर आता है कि उसकी बात को सुना जाएगा और उसका कार्य निर्बाध रूप से होगा। इसलिए हमें उस व्यक्ति को सुनकर उसकी पीड़ाओं को दूर करना है और इस व्यवस्था को मजबूती प्रदान करनी है ताकि दूसरे कर्मचारी भी उसी तरह से काम करें। 

निडर और देशभक्त प्रधानमंत्री

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि सुशासन दिवस पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया जाता है। वे ऐसे निडर और देशभक्त प्रधानमंत्री रहे जिन्होंने विश्व की किसी भी शक्ति का दबाव ना मानते हुए पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत की संप्रभुता और गौरव को बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने दिखा दिया कि भारत किसी के दबाव में नही रहेगा। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीति में नए आयाम स्थापित किए।

उन्होंने ऐसे सवा छं: लाख गांवों को सडक़ों से जोड़ा जो 55 साल से आपस में सडक़ों माध्यम से कटे हुए थे और उन्हें प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के माध्यम से सडक़े प्रदान की। उन्होंने जिस विकसित भारत की नींव रखने का काम किया उसी को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत देश की सत्ता संभालते हुए सुशासन के माध्यम से सेवा करने का जो संकल्प लिया और उन्होंने साफ नीति और नियम से स्पष्ट दृष्टिकोण विश्व के सामने रखा। यह सुशासन का ही एक रूप है। आज भारत का हर जिला किसी ना किसी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा हुआ है जोकि सरकार की इच्छाशक्ति का ही परिणाम है।

दायित्व का निर्वहन ईमानदारी और सेवाभाव से करें

पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी लोगों का भला करें, ईमानदारी और संयम से काम करें। सरकार की नीतियों का लोगों तक पहुंचाने और पात्र लोगों को लाभ पहुंचाने का हमारा दायित्व है। इस दायित्व का निर्वहन ईमानदारी और सेवाभाव से करें। निर्णय न्यायसंगत हो और पारदर्शिता हो। प्रमोद विज ने कहा कि लोगों का कार्य करने के लिए संवेदना होनी बहुत जरूरी है। अगर संवेदना में संयम और पारदर्शिता होगी तो वह अंत्योदय की भावना से जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस के अवसर पर ईमानदारी से स्वच्छ प्रशासन देना इस सोच को साकार करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह प्रदेश में समान रूप से विकास करवा रहे हैं। नौकरियों में मेरिट की व्यवस्था को लागू किया गया है। सामुहिक जिम्मेदारियों के साथ प्रदेश सरकार समान रूप से विकास कार्य करवा रही है। योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी काम करें।

शपथ लें कि अपने कार्यों को बिना किसी लालच और दबाव के करेंगे

उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कहा कि वे व्यक्तिगत रूचि लेकर और बिना किसी लालच के कार्य को करें, तभी सुशासन की कल्पना साकार की जा सकती है। उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को आह्वान किया वे सुशासन दिवस के अवसर पर शपथ लें कि अपने कार्यों को बिना किसी लालच और दबाव के करेंगे। उन्होंने उपस्थित शिक्षा मंत्री और विधायक को आश्वस्त किया जिला प्रशासन सुशासन के मामले में अन्य जिलों से बेहतर कार्य करेगा।

इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, एडीसी डॉ. पंकज यादव, एएसपी हर्षित गोयल, निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम मनदीप कुमार, डीएसपी सुरेश कुमार इत्यादि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, शहरी विधायक प्रमोद विज, मेयर कोमल सैनी और सांसद प्रतिनिधि गजेन्द्र सलूजा को जिला प्रशासन की ओर से स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। कार्यक्रम में पंचकूला से राज्य स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह के संबोधन का त्वरित प्रसारण भी किया गया और सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग की ओर से विकासात्मक फिल्म भी उपस्थित लोगों को दिखाई गई। 

अधिकारियों व कर्मचारियों को किया गया पुरस्कृत

सुशासन दिवस के अवसर पर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, नायब तहसीलदार सौरभ शर्मा, एआईपीआरओ दीपक कुमार पाराशर, मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजपाल और डॉ. अरूण शर्मा, नर्सिंग ऑफिसर ज्योति, उपनिदेशक पशुपालन विभाग संजय आंतिल, खण्डरा के राजकीय वरिष्ठ मा. विद्यालय के प्रिंसिपल सुरेश, शिक्षा विभाग से एफएलएन कॉर्डिनेटर अनिल कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष, एसपी आईओ मेंबर शिक्षा विभाग मोक्षी जैन, उपायुक्त कार्यालय के सहायक पवन कुमार, क्लर्क दीपक शर्मा, सहायक हितेश, सहायक अनिल कुमार, कम्प्यूटर ऑपरेटर जितेन्द्र गाबा, प्रवीन कुमार, राकेश कुमार, निगम के कार्यकारी अभियंता रूपेश, क्रिड से सोमपाल, ग्राम सचिव इसराना जगबीर सिंह, कानूनगो इंतजार, पटवारी रवि वर्मा और सुनील मलिक, जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय से उपअधीक्षक विनोद कुमार को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

सड़कों की सफाई एवं स्वच्छता सम्बंधी सेवाओं को और प्रभावी बनाया जाए

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शुक्रवार को जिला सचिवालय से निगम की पांच वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में तीन वाहन स्ट्रीट लाईट ठीक करने का काम करेंगे और दो वाहन पानी छिडक़ाव व एन्टी स्मॉग का काम करेंगे। इस मौके पर उनके साथ शहरी विधायक प्रमोद विज, मेयर कोमल सैनी भी उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने इस[के लिए निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव को बधाई दी और कहा कि निगम की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रयास करे। स्वच्छ वातावरण ना केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है बल्कि यह समाज के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। निगम के नियमित कचरा संग्रहण, सड़कों की सफाई एवं स्वच्छता सम्बंधी सेवाओं को और प्रभावी बनाया जाए। इन वाहनों से स्ट्रीट लाईटों को ठीक करने के कार्य में तेजी आएगी। यही नहीं वातावरण को साफ-सूथरा रखने में पानी छिडक़ाव का कार्य भी होगा। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया, निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. विवेक चौधरी व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×