केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को करनाल का दौरा कर शहर में चल रहे विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि करनाल में चल रहे सभी प्रमुख प्रोजेक्ट तय समयसीमा में पूरे कर जनता को समर्पित किए जाएंगे।
एलिवेटेड फ्लाईओवर दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि करनाल शहर के बीचों-बीच सेक्टर 13 और 14 के मध्य लगभग 128 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा एलिवेटेड फ्लाईओवर दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इसका नाम देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर ‘अटल सेतु’ रखा जाएगा। उपायुक्त एवं स्मार्ट सिटी परियोजना के सीईओ उत्तम सिंह ने बताया कि 19 जनवरी 2025 को शुरू हुए इस प्रोजेक्ट का अब तक 60 से 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
परियोजनाओं से नगर निगम की आय बढ़ेगी और शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी
मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि करनाल में स्मार्ट सिटी योजना के तहत 106 करोड़ रुपये की लागत से शक्ति कॉलोनी क्षेत्र में कमर्शियल मॉल का निर्माण लगभग अंतिम चरण में है। इसके अलावा पुरानी अनाज मंडी (सब्जी मंडी) में 35 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे कमर्शियल प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया गया, जिसका कार्य जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से नगर निगम की आय बढ़ेगी और शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने कर्ण कनाल (पूर्व में मुगल कनाल) के फेज-2 और फेज-3 के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सुंदरता बढ़ाने और नगर निगम के संसाधनों में वृद्धि के लिए बेहतर कार्य योजना तैयार की जाए। साथ ही फेज-4 के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने के बाद कर्ण कनाल के आगे के हिस्से को स्वच्छ जल के लिए तैयार करने की योजना पर भी काम करने के निर्देश दिए।
विपक्ष केवल बेबुनियाद आरोप लगा रहा
निरीक्षण के दौरान मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि महिला हॉस्टल, पुराने बाजार से होकर गुजरने वाले फ्लाईओवर, कर्ण कनाल और अन्य करीब पांच बड़े प्रोजेक्टों पर कार्य तेजी से चल रहा है और इन्हें शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नए संकल्पों के साथ देश और प्रदेश के विकास में सभी को सहयोगी बनना चाहिए। मीडिया के सवालों पर केंद्रीय मंत्री ने अवैध कॉलोनियों के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष केवल बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ही सबसे अधिक अवैध कॉलोनियां काटी गईं। दिल्ली का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां सबसे ज्यादा अवैध कॉलोनियां हैं और अब सरकार उन्हें वैध करने की दिशा में कार्य कर रही है।
कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं
इंदौर की हालिया घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि ऐसी घटनाओं में स्थानीय निकायों और प्रदेश सरकारों को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए तथा जहां भी खामी हो, वहां जिम्मेदारी तय कर भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के ठोस कदम उठाने चाहिए। धान घोटाले को लेकर उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित विभाग अपने स्तर पर कार्रवाई करता है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। चुनाव आयोग और वोट चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह बार-बार ईवीएम और वोट चोरी की बात करती है। वोटर लिस्ट को दुरुस्त किया जाना जरूरी है और जनता सब समझती है।
कुछ लोगों का लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं
अजय चौटाला के बयान पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोगों का लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं है। हरियाणा की जनता पहले भी ऐसे लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दे चुकी है और आगे भी देगी। इस अवसर पर नीलोखेड़ी विधायक भगवान दास कबीरपंथी, असंध विधायक योगेंद्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, पार्षद संकल्प भंडारी सहित उपायुक्त उत्तम सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया, एचएसवीपी के अधीक्षक अभियंता धर्मवीर सिंह, स्मार्ट सिटी के जीएम रामफल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
related
'डोंट डिजायर बट डिजर्व इट’ : विज बोले - मैं 2014 में 'सीनियर मोस्ट' था और अब भी 'सीनियर मोस्ट' हूं... लेकिन मैंने कभी कुछ नहीं चाहा
पांच साल पुराने मर्डर केस में विज का सख़्त रुख : जांच CBI को सौंपने की सिफारिश, पुलिस कर्मचारी के खिलाफ FIR के आदेश