loader
The Haryana Story | पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का करनाल दौरा, नशे और अपराध पर जताई गंभीर चिंता, जैन मंदिर की सराहना

पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का करनाल दौरा, नशे और अपराध पर जताई गंभीर चिंता, जैन मंदिर की सराहना

राज्यपाल ने कहा कि नशे की समस्या को रोकने के लिए समाज को सक्रिय प्रयास करने होंगे, उन्होंने कहा, अगर हम ऐसे ही बैठ गए तो नशा रुकेगा नहीं

पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने अपने करनाल दौरे के दौरान नशे और अपराध की बढ़ती समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त की। इंद्री रोड स्थित आत्म मनोहर जैन आराधना मंदिर में धर्मगुरु का आशीर्वाद लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि नशे की समस्या को रोकने के लिए समाज को सक्रिय प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा, अगर हम ऐसे ही बैठ गए तो नशा रुकेगा नहीं। हमें लगातार प्रयास करते रहना होगा, तभी परिणाम मिलेगा। राज्यपाल ने नशे के साथ-साथ राज्य में बढ़ते अपराधों और गोलीबारी की घटनाओं पर भी चिंता जाहिर की।

जैन मंदिर के कार्यों की भी सराहना की

उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंबे समय से निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं। हम इन अपराधियों को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हमें इन्हें पहले से पहचानकर पकड़ना होगा, ताकि इनकी गतिविधियों को रोका जा सके। उन्होंने राज्य में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा की जा रही कोशिशों को भी सराहा।इस अवसर पर गुलाबचंद कटारिया ने जैन मंदिर के कार्यों की भी सराहना की, जो न केवल धार्मिक कार्यों में सक्रिय है, बल्कि समाज के कल्याण के लिए भी कई पहल कर रहा है। उन्होंने मंदिर द्वारा की जा रही पहल के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, और पशु कल्याण के कार्यों की तारीफ की। उन्होंने कहा, यह मंदिर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए एक आदर्श बन चुका है। यहां पर किए जा रहे कार्य न केवल इंसानियत के लिए हैं, बल्कि पक्षियों और पशुओं के कल्याण के लिए भी हैं।

धर्म, शिक्षा और समाज सेवा का समागम

राज्यपाल ने इस दौरान मंदिर द्वारा शुरू किए गए प्राकृतिक चिकित्सा और आयुर्वेदिक उपचार केंद्र की भी सराहना की, जो समग्र स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि जैन परंपरा केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा का सर्वोच्च रूप है।राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि इस मंदिर का हर कार्यक्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्म चेतना, चरित्र निर्माण और जीवन को सात्विक दिशा देने का एक दिव्य अवसर है। उन्होंने कहा, “श्री घंटाकर्ण महावीर देवता जी की कृपा स्मृति में इस मंदिर का योगदान अत्यधिक महत्व रखता है। यहां आने वाले श्रद्धालु न केवल भक्ति के लिए आते हैं, बल्कि यहां के कार्यों के माध्यम से उन्हें मानसिक और शारीरिक शांति भी मिलती है।”

संस्थान शिक्षा, सेवा और संस्कार के क्षेत्र में अपने योगदान से समाज को जागरूक कर रहा

राज्यपाल ने यह भी कहा कि इस मंदिर के संस्थापक पीयूष मुनि जी महाराज द्वारा की जा रही सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संस्था समाज में चरित्र निर्माण, शिक्षा, और रोगियों के उपचार के लिए एक अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। “यह संस्थान शिक्षा, सेवा और संस्कार के क्षेत्र में अपने योगदान से समाज को जागरूक कर रहा है और यह संदेश दे रहा है कि धर्म केवल पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा का सर्वोच्च रूप है,” उन्होंने कहा।कांग्रेसियों और जैन समाज की उपस्थिति में राज्यपाल का अभिनंदनकार्यक्रम में इंद्री के विधायक और हरियाणा सरकार के चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने भी राज्यपाल का स्वागत करते हुए कहा कि श्री घंटाकर्ण महावीर देवता की उपासना मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। 

मंदिर की गतिविधियों और समाज सेवा कार्यों की सराहना की गई

उन्होंने कहा, “यह उपासना हमें यह सिखाती है कि आस्था और विश्वास का वास्तविक स्वरूप किसी एक मत या संप्रदाय तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह समाज के सर्वांगीण विकास और आत्मिक उत्थान के लिए है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जैन समाज के सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने राज्यपाल और अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल को पगड़ी, माला और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही, मंदिर की गतिविधियों और समाज सेवा कार्यों की सराहना की गई।

समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, और संस्कार के विकास में भी योगदान देना चाहिए

राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने अंत में यह कहा कि मंदिरों का निर्माण केवल धार्मिक कृत्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, और संस्कार के विकास में भी योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भक्ति और चरित्र निर्माण को साथ लेकर ही हम आने वाली पीढ़ी को सही मार्ग दिखा सकते हैं और उनसे अच्छे नागरिक बना सकते हैं। इस अवसर पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चिम्मा, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, पूर्व मंत्री कविता जैन, और हरियाणा की चेयरपर्सन मेघा भंडारी समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Join The Conversation Opens in a new tab
×