हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए ये बहुत अच्छी खबर है कि हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बुधवार प्रदेशवासियों को प्रत्येक गांव में बस सुविधा मुहैया करवाने की सौगात दी है और कहा है कि राज्य के सभी गांवों में हरियाणा रोडवेज की बसें यात्रियों को सेवाएं देंगी। इतना ही नहीं परिवहन व बिजली मंत्री अनिल विज के आदेशों पर विभाग ने अमल शुरू कर दिया है। विज ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक गांव में ग्रामीणों को बस सुविधा मुहैया करवाने के लिए हरियाणा राज्य परिवहन के महानिदेशक द्वारा सभी महाप्रबंधकों को लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं।
अभी भी बहुत से ऐसे गांव हैं, जहां अभी तक भी रोडवेज बस नहीं पहुंच पा रही थीं
हालांकि प्रदेश के अधिकांश बड़े, मुख्य मार्गों व संपर्क मार्गों पर पड़ने वाले गांवों में बस सुविधा है, लेकिन बावजूद इसके अभी भी बहुत से ऐसे गांव हैं, जहां अभी तक भी रोडवेज बस नहीं पहुंच पा रही थीं। विज ने कहा कि अब राज्य के सभी गांवों में हरियाणा रोडवेज की बसें यात्रियों को सेवाएं देंगी। इसलिए परिवहन मंत्री ने कहा कि हरियाणा के ऐसे सभी गांवों में हरियाणा रोडवेज की परिवहन सुविधा प्रारंभ की जाएगी, जहां अभी तक हरियाणा रोडवेज की बस सेवा नहीं पहुंच पाई है ताकि प्रदेश के प्रत्येक गांव में सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकें।
....ताकि प्रत्येक गांव के यात्रियों को हरियाणा रोडवेज की सुविधा मिल सकें
उन्होंने बताया कि राज्य के सभी महाप्रबंधकों को कहा गया है कि व्यवहार्यता के अनुसार अपने संबंधित जिलों के प्रत्येक गांव में बस सेवा उपलब्ध करवाना सुनिश्चित की जाए ताकि प्रत्येक गांव के यात्रियों को हरियाणा रोडवेज की सुविधा मिल सकें। उल्लेखनीय है कि गत दिनों परिवहन मंत्री ने राज्य परिवहन के महानिदेशक को निर्देश जारी किए थे कि हरियाणा के प्रत्येक गांव में हरियाणा रोडवेज की बस सेवा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि प्रत्येक गांव के यात्रियों को हरियाणा रोडवेज की सुविधा मिल सकें और ग्रामीणों को आवागमन में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हों।