loader
The Haryana Story | कांस्टेबल भर्ती में 3 वर्ष की आयु छूट, अभ्यर्थी 31 जनवरी, 2026 तक कर सकेंगे आवेदन

कांस्टेबल भर्ती में 3 वर्ष की आयु छूट, अभ्यर्थी 31 जनवरी, 2026 तक कर सकेंगे आवेदन

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 जनवरी, 2026 से बढ़ाकर 31 जनवरी, 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक) कर दी गई

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने संत कबीर कुटीर में मुझसे भेंट कर अपनी बात रखी थी, जिसे पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। युवाओं के हितों को सर्वोपरि रखते हुए हरियाणा सरकार ने CET-2025 के अंतर्गत पुलिस कांस्टेबल भर्ती में 3 वर्ष की आयु-छूट देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार सदैव युवाओं के साथ खड़ी है और समान अवसर सुनिश्चित करते हुए उनके भविष्य को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ निर्णय ले रही है।

वहीं हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सीईटी-2025 के अंतर्गत विज्ञापित पुलिस कांस्टेबल भर्ती में सभी अभ्यर्थियों को 03 वर्ष की आयु छूट प्रदान की गई है। अभ्यर्थी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://adv012026.hryssc.com/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए आवेदन पोर्टल सक्रिय कर दिया गया है।

पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए यह आयु छूट दी गई

साथ ही, ऑनलाइनआवेदन की अंतिम तिथि 25 जनवरी, 2026 से बढ़ाकर 31 जनवरी, 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक) कर दी गई है। हिम्मत सिंह ने कहा कि यह निर्णय उन अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है, जो वर्ष 2022 के बाद सीईटी परीक्षा आयोजित न हो पाने के कारण आयु सीमा से बाहर हो रहे थे। वर्ष 2025 में पुन: सीईटी परीक्षा आयोजित होने के उपरांत पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए यह आयु छूट दी गई है।

अधिक संख्या में योग्य युवा भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकेंगे

उन्होंने कहा कि इस निर्णय से अधिक संख्या में योग्य युवा भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकेंगे। आयोग भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2026 के अंतर्गत सीईटी फेज-।। में हरियाणा पुलिस कांस्टेबल पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का अतिरिक्त समय या विस्तार नहीं दिया जाएगा

इसके तहत पुरुष कांस्टेबल, महिला कांस्टेबल एवं हरियाणा रेलवे पुलिस के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती के अंतर्गत कुल 5500 पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 4500 पद पुरुष कांस्टेबल, 600 पद महिला कांस्टेबल तथा 400 पद हरियाणा रेलवे पुलिस के लिए हैं। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे 31 जनवरी, 2026 (रात्रि 11:59 बजे) से पूर्व अपना आवेदन सुनिश्चित करें। अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का अतिरिक्त समय या विस्तार नहीं दिया जाएगा।

घोषणा की महत्वपूर्ण बातें

  • पात्र अभ्यर्थी अब 31 जनवरी, 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
  • सभी श्रेणियों (General, OBC, SC/ST) के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 3 साल की अतिरिक्त छूट दी गई है। यह निर्णय विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों के लिए लिया गया है जो पिछले वर्षों में भर्ती न आने के कारण ओवर-एज हो गए थे।
  • इस छूट के बाद, अब अधिक संख्या में युवा इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के योग्य हो गए हैं। 

अभ्यर्थियों के लिए निर्देश

  • अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए 31 जनवरी से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण पूरा करें।
  • सुनिश्चित करें कि आपके पास 2026 के नवीनतम प्रमाणपत्र (जाति, मूल निवास आदि) तैयार हैं।
  • आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें ताकि किसी भी अन्य पात्रता मानदंड में बदलाव की जानकारी मिल सके।
Join The Conversation Opens in a new tab
×