जिला सचिवालय सभागार में शनिवार को जिला परिषद सदन की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी भाग लिया और बैठक की कार्यवाही का अवलोकन करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक के एजेंडा में जिला परिषद के कार्यों का ब्योरा, एफ एफ सी/एस एफ सी,कार्यों के फंड का आकलन व प्लानिंग, जिला परिषद के विकास कार्यों की समीक्षा तथा प्रधान की स्वीकृति से अन्य मुद्दों पर चर्चा शामिल रही। जिला परिषद प्रधान ज्योति शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि जनता के आशीर्वाद से इस सदन में पहुंचे हैं, इसलिए जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
विकास कार्यों में टीमवर्क के साथ कार्य करना जरूरी
मंत्री ने कहा कि सभी सदस्य अपनी प्राथमिकताओं को आगे रखें, अधूरे कार्यों की जांच करें और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में टीमवर्क के साथ कार्य करना जरूरी है। बजट और योजनाओं का सही तरीके से वितरण किया जाए तथा किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा हो। मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में अच्छी सुविधाएं और योग्य शिक्षक उपलब्ध हैं, इसलिए ज्यादा से ज्यादा बच्चों का सरकारी स्कूलों में दाखिला कराने के लिए प्रयास किए जाएं। मंत्री ने बताया कि सरकार सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था पर भी विचार कर रही है। इसके साथ ही मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में शिक्षा के स्तर का नियमित आकलन किया जाए और शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
कई पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को भी उठाया
बैठक के दौरान कृषि विभाग के एसडीओ देवेंद्र कुहाड़ ने ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. संजय आंतिल ने विभाग द्वारा पशुओं के बीमा से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने प्रवेश उत्सव को लेकर जिला पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों और गांवों में अधिक से अधिक बच्चों का सरकारी स्कूलों में दाखिला कराने का अनुरोध किया। कई अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों में संचालित की जा रही सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। सदन की बैठक में कई पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को भी उठाया और उनके समाधान की मांग की।
बैठक के अंत में जिला परिषद प्रधान ज्योति शर्मा ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का बैठक में पहुंचकर मार्गदर्शन देने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण, डीडीपीओ राजेश शर्मा, पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. संजय आंतिल, जिला परिषद उप प्रधान आर्य सुरेश मलिक, बीडीपीओ शक्ति सिंह सहित जिला परिषद के पार्षद भी मौजूद रहे।