loader
The Haryana Story | मुख्यमंत्री से रूस के राजदूत ने की मुलाकात : आईटी, ऑटोमोबाइल, एग्रो-प्रोसेंसिंग और तकनीकी सहयोग पर दिया जोर

मुख्यमंत्री से रूस के राजदूत ने की मुलाकात : आईटी, ऑटोमोबाइल, एग्रो-प्रोसेंसिंग और तकनीकी सहयोग पर दिया जोर

इस बैठक का उद्देश्य हरियाणा से रूस के लिए निर्यात बढ़ाना, एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देना और निवेश के अवसर तलाशना है

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने चंडीगढ़ में मुलाकात की, जिसमें व्यापार, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), ऑटोमोबाइल और कृषि-प्रसंस्करण क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया गया। इस बैठक का उद्देश्य हरियाणा से रूस के लिए निर्यात बढ़ाना, एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देना और निवेश के अवसर तलाशना है। इस मुलाक़ात में दोनों पक्षों ने व्यापार को सुगम बनाने, उद्योग प्रतिनिधियों के आदान-प्रदान और संयुक्त व्यापार मंच आयोजित करने पर सहमति जताई।

आईटी, ऑटोमोबाइल, कृषि-प्रसंस्करण और तकनीकी सहयोग पर केंद्रित रही चर्चा

चर्चा मुख्य रूप से आईटी, ऑटोमोबाइल, कृषि-प्रसंस्करण और तकनीकी सहयोग पर केंद्रित रही। रूसी राजदूत ने हरियाणा के एमएसएमई क्षेत्र की सराहना की और इसे औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कुशल पेशेवरों की आवाजाही और विश्वविद्यालयों के बीच अनुसंधान साझेदारी बढ़ाने पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री ने रूसी कंपनियों को हरियाणा के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया। यह उच्च-स्तरीय मुलाकात भारत और रूस के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को क्षेत्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है। 

अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया

मुख्यमंत्री ने आई. टी. ऑटोमोबाइल, एग्रो-प्रोसेसिंग, वस्त्र और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में राज्य की क्षमताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि हरियाणा रूसी बाजार की मांगों को पूरा करने में सक्षम है। दोनों पक्षों ने व्यापार को सुगम बनाने, लॉजिस्टिक चुनौतियों को दूर करने, बाजार पहुंच बढ़ाने और निर्यात-उन्मुख निवेश को प्रोत्साहित करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में हरियाणा और रूस के विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उद्योग प्रतिनिधियों के आदान-प्रदान, प्रत्यक्ष व्यवसाय-से-व्यवसाय (बी2बी) संपर्क बढ़ाने और संयुक्त मंचों के आयोजन पर सहमति बनी, ताकि दोनों पक्षों की कंपनियां साझा हितों की पहचान कर दीर्घकालिक साझेदारी विकसित कर सकें। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर मंथन किया गया।

राजदूत ने राज्य के कुशल मानव संसाधन की भी प्रशंसा की

भारत में रूसी संघ के राजदूत डेनिस अलीपोव ने हरियाणा के लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र की सराहना करते हुए राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाकर रोजगार के और अधिक अवसर सृजित करने की संभावनाओं पर बल दिया। व्यापार सुगमता के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने हरियाणा स्थित उद्यमों के लिए रूसी बाजार तक पहुंच को सुगम बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। राजदूत ने राज्य के कुशल मानव संसाधन की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि हरियाणा का प्रशिक्षित और सक्षम कार्यबल आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और भविष्य के सहयोगों को समर्थन देने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

रूसी संस्थानों और कंपनियों को इसमें सहयोग के लिए आमंत्रित किया

मुख्यमंत्री ने हरियाणा में विकसित हो रहे नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम का उल्लेख करते हुए रूसी संस्थानों और कंपनियों को इसमें सहयोग के लिए आमंत्रित किया। लेबर माइग्रेशन और वर्कफोर्स मोबिलिटी पर भी बातचीत हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने आर्थिक तरक्की को आगे बढ़ाने में स्किल्ड ह्यूमन रिसोर्स की अहमियत को मानते हुए सहयोग पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त, दोनों पक्षों ने शैक्षणिक आदान-प्रदान, छात्र गतिशीलता कार्यक्रमों तथा हरियाणा और रूस के विश्वविद्यालयों एवं अनुसंधान संस्थानों के बीच साझेदारी सहित खेल और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रभावी बनाने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के प्रति हरियाणा की प्रतिबद्धता दोहराते हुए राज्य की प्रगतिशील नीतियों, मजबूत आधारभूत संरचना और निवेश-अनुकूल वातावरण को रेखांकित किया। 

विभाग हरियाणा को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने के विजन को आगे बढ़ा रहा

उन्होंने रूसी व्यवसायों और संस्थानों को हरियाणा में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और राज्य के विकास में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित किया। वहीं, डेनिस अलीपोव ने हरियाणा सरकार के सक्रिय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए राज्य की आर्थिक संभावनाओं को स्वीकार किया।उल्लेखनीय है कि हरियाणा में विदेशी सहयोग विभाग स्थापित है, जो राज्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीति, द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय संबंधों तथा हरियाणवी प्रवासियों को सहायता प्रदान करने का कार्य करता है। यह विभाग ‘गो ग्लोबल एप्रोच’ के तहत राज्य सरकार के हरियाणा को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने के विजन को आगे बढ़ा रहा है।

Join The Conversation Opens in a new tab
×