हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे विज़न को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कृष्ण लाल पंवार शनिवार को इसराना विधानसभा के शाहपुर में आयोजित “ऑल इंडिया कृष्ण कुंडू कुश्ती बोर्ड कप” में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने उपरांत बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश देश को बेहतरीन खिलाड़ी देने के लिए भी जाना जाता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन हमेशा प्रेरणादायक रहा है और उन्होंने देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें हरियाणा का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। हमारे खिलाड़ी हर खेल में शानदार प्रदर्शन कर देश की प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं। हमारी बेटियों ने भी खेलों में नई मिसाल कायम की है। साक्षी मलिक, गीता और बबीता फोगाट, विनेश फोगाट, मनु भाकर, ममता खरब और दीपा मलिक जैसी खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और हौसले से बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।
खेल हमें अनुशासन, धैर्य, संघर्ष और टीम वर्क सिखाते हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। पंवार ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण, छात्रवृत्तियां और सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज देश में खेलों का अग्रणी केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जा रही हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वालों को सम्मानित भी किया जा रहा है।
मंत्री पंवार ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों को केवल प्रतियोगिता के रूप में नहीं, बल्कि अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं। अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए वे न केवल अपने सपनों को साकार करें, बल्कि हरियाणा और देश का नाम भी विश्व पटल पर और ऊंचा करें।
related
पानीपत के गांव मच्छरौली की 'बहू' ने 14वीं सीनियर नेशनल महिला-पुरुष पैरा सीटिंग वालीबॉल चैंपियनशिप-2026 में जीता स्वर्ण पदक
क्रिकेट की दुनिया में छाया म्हारे हरियाणा का छोरा, अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया